गुरुग्राम: एनएच-48 पर बिलासपुर के पास ऊंटों से भरी पिकअप पकड़ी

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 06 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम-जयपुर एनएच-48 स्थित बिलासपुर थाना क्षेत्र में गौ संरक्षण सेल ने तीन ऊंटों से भरी पिकअप पकड़ी है। चालक पुलिस को देखकर वाहन छोडक़र फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार एएसआई सुनील कुमार टीम के साथ पंचगांव स्थित केएमपी टोल के पास गश्त पर थे। तभी तेज रफ्तार से आ रही महिंद्रा मैक्स पिकअप को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक गाड़ी छोडक़र भाग निकला। तलाशी में पिकअप में तीन ऊंट तंग हालत में ठूंस कर भरे मिले, जो पशु क्रूरता की श्रेणी में आता है। एएसआई सुनील की शिकायत पर बिलासपुर थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल इंद्रजीत ने बताया कि वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर और तकनीकी साक्ष्यों से फरार चालक की पहचान की जा रही है। बरामद ऊंटों के संरक्षण की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पता लगाया जाएगा कि ऊंट कहां से लाए गए थे और कहां ले जाए जा रहे थे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story