गुरुग्राम: टैक्स लेने में आगे सरकार, बुनियादी सुविधाएं देने में है फिसड्डी: पंकज डावर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: टैक्स लेने में आगे सरकार, बुनियादी सुविधाएं देने में है फिसड्डी: पंकज डावर


-टी-ब्लॉक न्यू पालम विहार के लोगों की समस्या जानने पहुंचे पंकज डावर

-लोगों ने कांग्रेस नेता पंकज डावर को सुनाई अपनी व्यथा

-सरकार, प्रशासन से सवाल...सुविधाएं नहीं दे रहे तो टैक्स किस बात का वसूल रहे

गुरुग्राम, 16 नंबवर (हि.स.)। टी-ब्लॉक, न्यू पालम विहार, गुरुग्राम। यहां करीब 1500 आलीशान घर हैं। अगर यहां कुछ नहीं है तो वह है सरकार की ओर से दी जाने वाली सुविधाएं। यहां रहने वाले लोग सरकार को हाउस टैक्स, डेवेलपमेंट चार्ज और गार्बेज चार्ज भी दे रहे हैं। इतना कुछ देने के बाद भी लोग सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं। इस क्षेत्र के लोगों ने जब कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर के समक्ष अपनी व्यथा रखी तो सरकार के उन बड़े दावों की पोल खुल गई, जो सरकार और अधिकारी रोज एसी कमरों में बैठ जनता के लिए योजनाएं बनाने की बात करते हैं।

पंकज डावर ने कहा कि टैक्स लेने में आगे मगर सुविधाएं देने में फिसड्डी साबित हो रही है सरकार।

न्यू पालम विहार टी-ब्लॉक के निवासियों के बीच गुडग़ांव कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर पहुंचे तो लोगों ने अपनी समस्याएं गिनाईं। लोगों का कहना था कि वे गुरुग्राम जैसे स्मार्ट सिटी में नहीं, बल्कि किसी पिछड़े गांव में रह रहे हैं। यहां सुविधाओं के नाम पर उन्हें सरकार के किसी अधिकारी, नेता, मंत्री का आश्वासन तक नहीं मिलता। स्थानीय लोगों पंकज डावर को बताया कि डी-ब्लॉक की सडक़ें कभी बनी ही नहीं। कच्चे रास्तों से ही आना-जाना पड़ता है, जिनमें गहरे गड्ढे उनकी राह में परेशानी बनते हैं। बारिश में तो हालत और भी खराब हो जाती है।

गड्ढों में पानी भर जाता है और लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बुजुर्ग और बच्चे रोज गिरकर चोटिल हो जाते हैं। लोगों ने कहा कि नगर निगम हाउस टैक्स वसूलता है, डेवेलपमेंट चार्ज के नाम पर पैसा लेता है, लेकिन जब विकास की बात आती है तो कोई सुनवाई नहीं होती। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने सरकार और नगर निगम को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ बड़े-बड़े दावे करती है। गुरुग्राम को स्मार्ट सिटी, साइबर सिटी कहकर प्रचार किया जाता है, लेकिन जमीन पर हकीकत यह है कि लोगों को बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777956 Articles

Share this story