गुरुग्राम के लाेगाें के नेपाल में फंसे हाेने की आशंका, प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

WhatsApp Channel Join Now

-गुरुग्राम के ऐसे व्यक्तियों की जानकारी दें, जो नेपाल में बाढ़ की घटना के बाद लापता हों

भिवानी, 28 अगस्त (हि.स.)। नेपाल में हाल ही में अचानक आई बाढ़ की विभीषिका को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन गुरुग्राम ने जिले के नागरिकों से महत्वपूर्ण अपील जारी की है। यदि किसी नागरिक के पास गुरुग्राम में रहने वाले ऐसे किसी व्यक्ति के संबंध में जानकारी है, जो नेपाल में हुई इस प्राकृतिक आपदा के उपरांत लापता हो या उनसे संपर्क न हो रहा हो तो उनकी जानकारी तत्काल जिला प्रशासन के साथ साझा की जाए।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं डीसी उत्तम सिंह ने शुक्रवार को जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि यदि आपके परिवार, परिचितों, मित्रों अथवा किसी अन्य माध्यम से ऐसे व्यक्ति के बारे में जानकारी मिलती है, जो गुरुग्राम में निवास करता है और नेपाल में प्राकृतिक आपदा के उपरांत लापता हो या उससे संपर्क स्थापित नहीं हो पा रहा है, तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। जिलावासी डायल 112, डीसी कैंप ऑफिस के नम्बर 0124-2320508 के माध्यम से आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं।

उन्होंने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य ऐसी सूचनाओं को एकत्रित कर संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाना है, जिससे लापता व्यक्तियों की ट्रेसिंग, आवश्यक समन्वय और प्रभावित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके। जिला प्रशासन की ओर से जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार, प्राप्त होने वाली सभी संबंधित जानकारियों को संकलित कर संबंधित अधिकारियों एवं प्राधिकरणों के साथ सांझा किया जाएगा, ताकि प्रभावित व्यक्तियों और उनके परिवारों तक आवश्यक सहायता पहुंचाने के लिए प्रभावी स्तर पर समन्वय किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story