गुरुग्राम: 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में युवाओं ने किया जीवंत प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में युवाओं ने किया जीवंत प्रदर्शन


-एमडीयू-सीपीएएस गुरुग्राम में हुई 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद

गुरुग्राम, 25 नवंबर (हि.स.)। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जन-जागरुकता बढ़ाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। आज आवश्यकता है कि लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक मूल्यों का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए। यही भारतीय संविधान के शिल्पकार भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। यह बात राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) के सेंटर फॉर प्रोफेशनल एंड एलाइड स्टडीज (सीपीएएस) गुरुग्राम में आयोजित 18वीं राष्ट्रीय युवा संसद में कही।

राष्ट्रीय संविधान दिवस की पूर्व संध्या पर इस युवा संसद का आयोजन भारत सरकार के संसदीय कार्य मंत्रालय के तत्वावधान में किया गया। युवा संसद के समापन पर निर्णायक मंडल ने छह विद्यार्थियों मेगन, अंशिका, अक्ष, मोहम्मद जुनेद, कार्तिकेय शुक्ला और संदीप भारद्वाज को सर्वश्रेष्ठ छह वक्ताओं के रूप में घोषित किया। मुख्य अतिथि सुभाष बराला ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके सपनों के अनुरूप लैंगिक समानता, सामाजिक समरसता और समावेशी समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा मॉडल संसद की प्रभावशाली प्रस्तुति और संसदीय कार्यवाही के जीवंत प्रदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनिया ने कहा कि भारतीय संविधान ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित भारत का विजन प्रस्तुत किया है।

विद्यार्थियों एवं युवाओं को संकल्प लेना चाहिए कि वे संवैधानिक मूल्यों को अपने आचरण का आधार और राष्ट्रसेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाएंगे। कुलपति ने युवाओं से जागरूक नागरिक, जिम्मेदार नेतृत्वकर्ता और भारतीय लोकतंत्र के गौरवशाली प्रतिनिधि बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. करमबीर गिल तथा युवा संसद की ग्रुप कोऑर्डिनेटर डॉ. शालिनी शर्मा ने भी अपने विचार सांझा किए। एमडीयू-सीपीएएस की निदेशक प्रो. कविता ढुल ने स्वागत भाषण दिया। राष्ट्रीय युवा संसद के संयोजक प्रो. अनुपम कुरवाल ने मॉडल युवा संसद की अवधारणा एवं उद्देश्य पर प्रकाश डाला। डॉ. विजय राठी ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story