गुरुग्राम: चरित्र संदेह में पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: चरित्र संदेह में पत्नी की हत्या करने वाला आरोपी पति गिरफ्तार


गुरुग्राम, 05 जून (हि.स.)। चरित्र पर शक के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी की पहचान मारुति कंपनी में काम करने वाले नरेंद्र (37) जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार चार जून 2026 को थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर को सूचना मिली कि एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों और डीएफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।

मृतका काजल देवी के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि काजल अपने पति नरेंद्र और बच्चों के साथ गांव बास हरिया थाना आईएमटी मानेसर क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी। कुछ समय से नरेंद्र छोटी-छोटी बातों पर काजल से मारपीट करता था और खर्चा देना बंद कर दिया था। इसके बाद काजल एक कंपनी में नौकरी करने लगी थी।

शिकायत के अनुसार, 3/4 जून की रात को नरेंद्र ने काजल को फोन पर किसी से बात करते देख लिया। इसी बात पर गुस्से में आकर उसने काजल की चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नरेंद्र को केएमपी एक्सप्रेसवे के पास से गिरफ्तार कर लिया। प्राथमिक जांच में सामने आया कि घटना के समय पत्नी के फोन पर बात करने को लेकर दोनों का झगड़ा हुआ था। हत्या में इस्तेमाल की गई चुन्नी भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story