गुरुग्राम: हुक्का विवाद में युवक की हत्या के आरोप में दो पुलिसकर्मी सस्पेंड

WhatsApp Channel Join Now

हुक्का विवाद के बाद घर में घुसकर युवक सागर को चाकुओं से गोदा था

गुरुग्राम, 09 अगस्त (हि.स.)। फर्रूखनगर थाना क्षेत्र में 22 साल के युवक सागर की हत्या के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आई है। इस मामले में पुलिस पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। फर्रुखनगर थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने हेड कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल विनोद के सस्पेंशन की पुष्टि की है। दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार छह अगस्त 2026 को होमगार्ड मुन्नीलाल के बेटे सागर की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हुक्का भरने को लेकर हुए विवाद के बाद करीब 20-25 लोगों ने सागर और उसके भाई शंकर का पीछा किया। दोनों भाई जान बचाने के लिए घर में घुसे, लेकिन हमलावर भी घर में घुस गए और सागर पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई नहीं होने के विरोध में पटौदी-कुलाना रोड पर जाम लगा दिया था।

परिजनों का आरोप है कि तीन अगस्त को ही सागर के पिता मुन्नीलाल और भाई शंकर का आरोपियों से विवाद हुआ था। इसकी शिकायत फर्रुखनगर थाने में दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण विवाद ने खूनी रूप ले लिया। मामले में फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच की टीम ने कार्रवाई करते हुए आजादगढ़ रोहतक से नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओम, साहिल, गौतम, सचेत मुन्ना, विनय कुमार, सुनील खोटा, मंदीप डिप्पी, अश्वनी और अनुश चिनू के रूप में हुई है। सभी झज्जर, सोनीपत और गुरुग्राम के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि सचेत मुन्ना की शिकायतकर्ता पक्ष से पहले से रंजिश थी। इसी के चलते पूर्व नियोजित साजिश के तहत सभी आरोपी कई वाहनों में सवार होकर शिकायतकर्ता के घर पहुंचे। पुलिस के अनुसार आरोपी हथियारों और लाठियों से लैस थे। घर में घुसकर उन्होंने शिकायतकर्ता और उसके भाई सागर से मारपीट की। परिजनों ने लगातार मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की थी। इसी के बाद हेड कांस्टेबल अशोक और कांस्टेबल विनोद को सस्पेंड कर उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस अब पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story