गुरुग्राम: अपनी मांगों के लिए 23वें दिन भी हड़ताल कर गरजे सफाई कर्मचारी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: अपनी मांगों के लिए 23वें दिन भी हड़ताल कर गरजे सफाई कर्मचारी


-बोले, सरकार हठधर्मिता छोडक़र कर्मचारियों से बात करे, मांगें पूरी करे

गुरुग्राम, 28 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के नगर निगम, पालिका-परिषद के सफाई, सीवरमैन और फायर कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को 23वें दिन जारी रही। यहां पुराने नगर निगम कार्यालय में हड़ताल की अध्यक्षता इकाई के वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत और फायर के जिला उप प्रधान जोगिंदर ने की, संचालन कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने किया।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार जनहित को ध्यान में रखते हुए हठधर्मिता और तानाशाही छोडक़र आंदोलनरत कर्मचारियों की मांगों को पूरा करे। आजादी के 80 साल बाद भी वाल्मीकि समाज के सफाई और सीवर कर्मचारी ठेकेदारी प्रथा और ठेकेदारों की आर्थिक-मानसिक गुलामी से मुक्त नहीं हुए हैं। राज्य उप प्रधान बसंत कुमार, फायर के जिला उप प्रधान जोगिंदर और पूर्व जिला प्रधान राजेश कुमार ने कहा कि जब तक सरकार 13 मई के फैसले के अनुसार पे-रोल के 1175 फायरमैनों और पालिका-परिषद-निगमों के 13000 कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, ठेकेदारी प्रथा समाप्त करने सहित अन्य मानी गई मांगों के पत्र जारी नहीं करती, तब तक हड़ताल पूरे प्रदेश में जारी रहेगी।

नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में गलत बयान प्रचारित कर जनता और कर्मचारियों को गुमराह कर रही है। वरिष्ठ उप प्रधान सम्मी बोहत और कोषाध्यक्ष भारत कांगड़ा ने कहा कि बीते 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने एक भी सफाई कर्मचारी की पक्की भर्ती नहीं की। 13 मई को हुए समझौते में सफाई, सीवर, माली, बेलदार, इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर, क्लर्क और फायर विभाग के ड्राइवर-फायरमैन को 30 जून तक पक्का करने, ठेका समाप्त कर कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेने, न्यूनतम वेतन 15,200 रुपये बैंक के माध्यम से देने, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती, एक्स-ग्रेशिया नीति में संशोधन, 58-60 वर्ष पूरे करने वाले कच्चे कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और 5 लाख सम्मान राशि, गुरुग्राम के 3480 छंटनीग्रस्त सहित सभी कर्मचारियों को वापस लेने, 5,000 रुपये जोखिम भत्ता, फरीदाबाद अग्निकांड के शहीद रणबीर के आश्रितों को 50-50 लाख सहायता सहित 17 मांगों पर सहमति बनी थी। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि 30 अगस्त तक मांगों के आदेश जारी नहीं हुए तो हड़ताल को अनिश्चितकालीन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। हड़ताल में धर्मपाल, देवी, कमला देवी, लाल चंद, मुकेश, कुलदीप, सतपाल, सुभाष, हरिओम, तेजपाल, सीटू के कॉमरेड राजेंद्र सरोहा, प्रचार सचिव अनीता देवी सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story