गुरुग्राम नगर निगम में डिप्टी मेयर चुनाव फिर टला, मेयर की तबीयत बनी वजह
गुरुग्राम, 30 अप्रैल (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम में सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का गुरुवार को प्रस्तावित चुनाव एक बार फिर स्थगित कर दिया गया। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि मेयर राजरानी मल्होत्रा के अस्वस्थ होने के कारण वे बैठक में उपस्थित नहीं हो सकीं, जिसके चलते चुनाव प्रक्रिया टालनी पड़ी।चुनाव के लिए हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सुबह 11 बजे मतदान प्रस्तावित था और 36 में से करीब 30 पार्षद मौके पर पहुंच चुके थे। हालांकि दोपहर तक चुनाव स्थगित किए जाने की सूचना दे दी गई।इस बीच, चुनाव स्थगन को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं भी रहीं। माना जा रहा है कि यह चुनाव केंद्रीय मंत्री एवं गुडग़ांव के सांसद राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के बीच राजनीतिक खींचतान के चलते स्थगित हुआ है। दोनों नेता गुरुग्राम नगर निगम में अपना प्रतिनिधित्व चाहते हैं। एक दिन पूर्व रेवाड़ी में राव इंद्रजीत सिंह ने कहा था कि गुरुग्राम नगर निगम में दोनों पदों पर चुनाव जल्दबाजी में कराया जा रहा है।उल्लेखनीय है कि कल रेवाड़ी में हुई रैली के दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने भी गुरुग्राम में सीनियर डिप्टी मेयर और मेयर चुनाव को लेकर तंज कसा था। केंद्रीय मंत्री रविंदरजीत सिंह ने कहा था कि इतनी जल्दी गुरुग्राम के सीनियर डिप्टी मेयर और मेयर का चुनाव नहीं होना चाहिए चुनाव के लिए समय चाहिए होता है लेकिन नगर निगम ने मात्र 24 घंटे पहले ही नोटिफिकेशन जारी कर समय ही नहीं दिया। हालांकि आज कारण कुछ भी रहा हो राव इंद्रजीत सिंह की कहनी सत्य हुई और चुनाव स्थगित हो गया। ऐसा पहली बार नहीं हुआ कि यहां सीनियर डिप्टी मेयर, डिप्टी मेयर का चुनाव स्थगित हुआ है। इससे पहले भी चुनाव स्थगित किया जा चुका है। एक साल बाद सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव होने की उम्मीद जगी थी, जो धरी रह गई। अब फिर से नई तारीख इस चुनाव के लिए तय होगी।
---
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

