गुरुग्राम से 11 साल की बच्ची को अगवा करके नवी मुंबई ले गया नौकर

WhatsApp Channel Join Now

-हरियाणा पुलिस ने बच्ची को सुरक्षित बरामद किया

गुरुग्राम, 07 नवंबर (हि.स.)। किराए पर रहने वाले एक व्यक्ति पर मकान मालिक के परिवार की नाबालिग बच्ची को अगवा कर नवी मुंबई ले जाने का मामला सामने आया है। हरियाणा पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) ने आरोपी को गिरफ्तार कर बच्ची को सुरक्षित बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी करीब तीन-चार महीने पहले बच्ची के परिवार के मकान में किराए पर रहने आया था। इस दौरान उसकी परिवार से जान-पहचान हो गई।

आरोप है कि करीब छह सप्ताह पहले वह बच्ची को साथ लेकर गुरुग्राम से चला गया। बच्ची की तलाश में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) की टीम सुराग जुटा रही थी। जांच में पता चला कि आरोपी नवी मुंबई में रह रहा था। वहां उसने एक रेस्टोरेंट में काम करना शुरू किया था और बच्ची को अपनी बेटी बताकर रखा हुआ था। टीम ने ठिकाने का पता लगाकर आरोपी को गिरफ्तार किया और बच्ची को छुड़ाया। बच्ची को बरामद करने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया और न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष उसके बयान दर्ज किए गए। शुरुआत में बजघेड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में अपहरण की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में बच्ची के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संगीन धाराएं जोड़ी गई हैं। बजघेड़ा थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई और पूछताछ कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774072 Articles

Share this story