गुरुग्राम: मुंबई एक्सप्रेसवे पर दौड़ते ट्रक में लगी भीषण आग

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मुंबई एक्सप्रेसवे पर दौड़ते ट्रक में लगी भीषण आग


ड्राइवर और क्लीनर ने कूदकर बचाई जान

गुरुग्राम, 11 जून (हि.स.)। सोहना-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार अलसुबह ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट का कीमती सामान लेकर मुंबई से दिल्ली की ओर जा रहा था। हादसे के समय चालक की सूझबूझ से बड़ा नुकसान और जनहानि टल गई। आग लगते ही ड्राइवर ने ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया और क्लीनर के साथ कूदकर सुरक्षित बाहर निकल आया।

जानकारी के अनुसार ट्रक मुंबई एक्सप्रेसवे से गुरुग्राम-दिल्ली की ओर आ रहा था। सोहना एलिवेटेड हाईवे की तरफ मुड़ते ही ट्रक के केबिन से धुआं उठने लगा। कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। चलते वाहन में आग लगने से एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी मच गई। आग तेजी से फैलते हुए कंटेनर तक पहुंच गई। लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर-दूर तक काले धुएं के गुबार दिखाई देने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फायर अधिकारियों के अनुसार यदि समय रहते आग नहीं बुझाई जाती तो पूरा ट्रक और उसमें रखा सामान जलकर राख हो सकता था। आग के कारण ट्रक का केबिन पूरी तरह नष्ट हो गया, जबकि कंटेनर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है। घटना के चलते सोहना रोड पर यातायात प्रभावित रहा। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने वाहनों को एक लेन से निकाला, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस और फायर ब्रिगेड अधिकारियों का कहना है कि ट्रक के केबिन की वायरिंग में खराबी के चलते आग लगी हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story