गुरुग्राम में एक्सप्रेस-वे पर खड़ी बस में घुसी कार, पति-पत्नी व बेटी की मौत

WhatsApp Channel Join Now

-हादसे में दो बच्चे हुए घायल, सुबह तीन बजे हुआ हादसा

गुरुग्राम, 29 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर गुरुवार तडक़े करीब तीन बजे एक भीषण सडक़ हादसा हो गया। लोहटकी गांव के पास सडक़ किनारे खड़ी टूरिस्ट बस में पीछे से एक स्विफ्ट कार जा घुसी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनकी मासूम बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान दिल्ली के रजौरी गार्डन निवासी टैक्सी ड्राइवर बूम प्रसाद के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि बूम प्रसाद अपने परिवार के साथ राजस्थान के बालाजी धाम के दर्शन कर कार से दिल्ली लौट रहे थे। तभी लोहटकी के पास यह हादसा हो गया। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और आधे से ज्यादा हिस्सा बस के अंदर घुस गया। घटनास्थल के वीडियो में देखा जा सकता है कि ड्राइवर सीट से चिपका हुआ है और लोग उसे निकालने की कोशिश कर रहे हैं। फ्रंट सीट पर बैठा एक बच्चा तड़पता दिखा, जिसे बोनट काटकर बाहर निकाला गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार काफी तेज थी। बस सडक़ किनारे खड़ी थी और उसमें कोई सवारी मौजूद नहीं थी। अगर बस में सवारियां होतीं तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही सोहना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर अधिकारी देवेंद्र ने बताया कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण अंदर फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने कार में फंसे दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर पास के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं दंपती और उनकी छोटी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बूम प्रसाद की एक आंख भी टक्कर के कारण अंदर धंस गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर सोहना के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768756 Articles

Share this story