गुरुग्राम: बिना डिग्री के कर रहा था मरीजों का इलाज, एमटीपी किट बरामद

WhatsApp Channel Join Now

-अवैध रूप से एमटीपी किट बेचते मेडिकल स्टोर कर्मी गिरफ्तार

गुरुग्राम, 20 जुलाई (हि.स.)। यहां एक मेडिकल स्टोर से अवैध रूप से एमटीपी किट बेचने और बिना मेडिकल योग्यता के मरीजों का उपचार करने के आरोप में घटा गांव से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक एमटीपी किट और डिकॉय द्वारा दिए गए रुपये बरामद किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि सेक्टर-56 थाना पुलिस में आरोपी के खिलाफ दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार 19 जुलाई 2026 को उप सिविल सर्जन एवं नोडल अधिकारी पीएनडीटी डॉ. देवेंद्र सिंह सोलंकी ने थाना सेक्टर-56 पुलिस को शिकायत दी। शिकायत में कहा गया कि स्वास्थ्य विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि घाटा गांव स्थित न्यू दीपक मेडिकोज पर विकास नामक व्यक्ति अवैध रूप से डॉक्टर बनकर मरीजों का उपचार कर रहा है। गर्भवती महिलाओं को बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के एमटीपी किट बेच रहा है। सूचना के सत्यापन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने उसे काबू करने के लिए तैयारी की। एक महिला को नकली ग्राहक बनाकर पैसे देकर मेडिकल स्टोर भेजा गया। वहां आरोपी ने बिना किसी डॉक्टर के पर्चे के उसे एमटीपी किट दे दी और गर्भपात की प्रक्रिया भी समझाई। पूर्व निर्धारित संकेत मिलने पर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर छापा मारकर आरोपी को काबू कर लिया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-56 में केस दर्ज किया गया।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान विकास निवासी फतेहपुर बेरी नई दिल्ली के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पास कोई मेडिकल डिग्री या वैध चिकित्सकीय योग्यता नहीं है। इसके बावजूद वह पिछले करीब आठ महीने से मेडिकल स्टोर पर मरीजों का उपचार कर रहा था। यह काम वह मेडिकल स्टोर के संचालक और फार्मासिस्ट की जानकारी में कर रहा था। जांच के दौरान आरोपी एमटीपी किट की खरीद-बिक्री या वितरण से संबंधित कोई वैध रिकॉर्ड या बिल भी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक एमटीपी किट बरामद की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में मेडिकल स्टोर संचालक और फार्मासिस्ट की भूमिका की भी जांच की जाएगी। साथ ही अवैध रूप से दवाएं बेचने वाले अन्य स्टोरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story