गुरुग्राम: दक्षिण हरियाणा को फिर से बनाएंगे खेलों की पहचान: राव इंद्रजीत सिंह

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: दक्षिण हरियाणा को फिर से बनाएंगे खेलों की पहचान: राव इंद्रजीत सिंह


गुरुग्राम: दक्षिण हरियाणा को फिर से बनाएंगे खेलों की पहचान: राव इंद्रजीत सिंह


गुरुग्राम: दक्षिण हरियाणा को फिर से बनाएंगे खेलों की पहचान: राव इंद्रजीत सिंह


-केंद्रीय मंत्री एवं सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने किया खेल उत्सव का आगाज

-10 खेलों में 2898 खिलाडिय़ों की ऐतिहासिक सहभागिता से सांसद खेल महोत्सव शुरू

गुरुग्राम, 27 दिसंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री एवं स्थानीय सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि एक समय गुरुग्राम की पहचान खेलों के क्षेत्र में अलग मुकाम रखती थी। जिला अपने खिलाडिय़ों के लिए जाना जाता था। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से गुरुग्राम सहित दक्षिण हरियाणा को फिर से खेलों की पहचान बनाएंगें। क्षेत्र को उसी स्तर पर स्थापित किया जाएगा। यहां की खेल प्रतिभाओं को आगे बढऩे के लिए हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री शनिवार को सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में सांसद खेल उत्सव-2025 के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर पटौदी से विधायक श्रीमती बिमला चौधरी, गुरुग्राम से विधायक मुकेश शर्मा, बावल से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार तथा कोसली से विधायक अनिल यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि स्वस्थ, सक्षम और ऊर्जावान युवा ही विकसित भारत की सशक्त नींव रख सकते हैं। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजन स्थानीय खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें भविष्य की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार करने का सुनहरा मंच प्रदान करते हैं।

केंद्रीय मंत्री राव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को मिलने वाली खेल उपलब्धियों में हरियाणा के खिलाडिय़ों का लगभग 40 प्रतिशत योगदान है, जिस पर पूरे प्रदेश को गर्व है। हरियाणा के खिलाड़ी देश का ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं और आज पूरे देश की नजर हरियाणा की खेल प्रतिभाओं पर है। उन्होंने कहा कि भले ही सभी प्रतिभागी विजेता न बन पाएं, लेकिन खेल भावना, मेहनत और अनुशासन ही सबसे बड़ी जीत होती है। राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश में खेलों को नई दिशा और पहचान मिली है। इस अवसर पर 1500 मीटर दौड़ प्रतियोगिता में खिलाडिय़ों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

इन स्थानों पर होंगी प्रतियोगिताएं

महोत्सव के तहत तीनों जिलों में खेल प्रतियोगताओं का आयोजन किया जाएगा। जिसमें ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम, गुरुग्राम में एथलेटिक्स एवं बॉक्सिंग, रेवाड़ी में राव तुलाराम खेल स्टेडियम में कबड्डी (एनएस) एवं फुटबॉल, अहीर कॉलेज रेवाड़ी में फुटबॉल, नेहरू खेल स्टेडियम सिविल लाइन गुरुग्राम में वॉलीबॉल, जूडो, जिम्नास्टिक एवं हॉकी, जबकि डीएवी पुलिस लाइन नूंह में कुश्ती प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

10 खेल स्पर्धाओं में 2898 खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दमखम

इस आयोजन के तहत 10 खेल स्पर्धाओं नामत: एथलेटिक्स, कबड्डी (एनएस), फुटबॉल, वॉलीबॉल, हॉकी, कुश्ती, बॉक्सिंग, आर्चरी, जूडो और जिम्नास्टिक में गुरुग्राम, रेवाड़ी और नूंह जिलों से आए 2898 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और खेल भावना का प्रदर्शन करेंगे। सांसद खेल महोत्सव का समापन 29 दिसंबर को ताऊ देवीलाल खेल स्टेडियम में किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story