गुरुग्राम में मोनू मानेसर की अगुवाई में निकाली गई गो-सम्मान यात्रा
-गोहत्या पर रोक और राष्ट्र-माता के दर्जे की मांग
-जेल से बाहर आने के बाद मोनू का यह पहला सार्वजनिक कार्यक्रम
गुरुग्राम, 27 जुलाई (हि.स.)। गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और संपूर्ण भारत में गौहत्या को पूरी तरह समाप्त करने की मांग को लेकर सोमवार को शहर में एक विशाल गो सम्मान आह्वान अभियान यात्रा निकाली गई। इसका नेतृत्व मोनू मानेसर ने किया।
बजरंग दल के सदस्य और गौरक्षक नाम से मशहूर मोनू मानेसर की अगुवाई में निकाली जा रही यात्रा में सेंकड़ों की संख्या में गौरक्षक, हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि और गौ-समर्थक शामिल हुए। सभी समर्थक और गोरक्षक कमान सराय ग्राउंड में एकत्रित हुए। वहां सभा के बाद विधिवत रूप से यात्रा शुरू की गई।
यह यात्रा कमान सराय ग्राउंड से शुरू होकर शहर के प्रमुख इलाकों अग्रसेन चौक, डाकखाना चौक, सदर बाजार, सोहना चौक और राजीव चौक से होते हुए गुजरी। यात्रा का अंतिम पड़ाव लघु सचिवालय रहा, जहां प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से सरकार को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा गया।
मोनू मानेसर ने केंद्र सरकार से मांग की है कि देश में गायों के संरक्षण के लिए एक अलग केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय का गठन किया जाए। साथ ही गोवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे देश में एक समान और बेहद सख्त केंद्रीय कानून लागू किया जाए। इस बड़े प्रदर्शन को देखते हुए शहर के प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया। गौमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने और देश में पूर्ण गौहत्या बंदी की मांग को लेकर आयोजित गौ सम्मान आह्वान अभियान यात्रा में सनातन धर्म के प्रमुख साधु-संतों, महंतों और महामंडलेश्वरों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।
कमान सराय ग्राउंड में एकत्रित हुए संतों ने समाज को गौ-रक्षा के लिए एकजुट होने का संकल्प दिलाया। संतों ने केंद्र सरकार से तत्काल प्रभाव से एक स्वायत्त केंद्रीय गोसेवा मंत्रालय का गठन करने और देशव्यापी सख्त कानून बनाने की जोरदार वकालत की है। यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए। कमान सराय ग्राउंड से लेकर डीसी कार्यालय तक पूरे यात्रा मार्ग पुलिस जवान तैनात किए हैं। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवान यात्रा के साथ चले। यात्रा के रास्ते में आने वाले चौक चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक जवान लगाए और तीन तरफ का ट्रैफिक बंद करके केवल यात्रा को निकाला गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

