गुरुग्राम में हुई मूसलाधार बरसात से कई इलाके जलमग्न

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में हुई मूसलाधार बरसात से कई इलाके जलमग्न


गुरुग्राम में हुई मूसलाधार बरसात से कई इलाके जलमग्न


-लोगों को हुई परेशानी, दुपहिया, चारपहिया वाहन हुए पानी में बंद

-बसई में कई फुट भरा पानी, शमशान घाट रोड हुआ पानी-पानी

गुरुग्राम, 07 जुलाई (हि.स.)। मानसून की बारिश ने मंगलवार को गुरुग्राम की जलनिकासी ना होने देने की प्रशासनिक व्यवस्था पर पानी फेर दिया। जलभराव से यह साफ हो गया कि जो दावे किए जा रहे थे, उनमें दम नहीं था। मंगलवार दोपहर बाद शुरू हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के निचले इलाके जलमग्न हो गए। सडक़ों पर पानी भरने से ट्रैफिक जाम लगा और आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासन के इस बार जलभराव नहीं होगा वाले दावे पहली ही बारिश में धराशायी हो गए।

बारिश रुकने के बाद भी कई इलाकों में घंटों तक पानी भरा रहा। सबसे ज्यादा असर बसई, बसई रोड, पटौदी रोड, सेक्टर-10, सिविल लाइन, बस स्टैंड, रेलवे रोड, सेक्टर-4 और सेक्टर-9 में देखने को मिला। कुछ जगहों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। नालों का पानी सडक़ों पर बहता नजर आया। बस स्टैंड और रेलवे रोड पर पानी भरने से वाहनों का संचालन प्रभावित हुआ। लोगों को सामान लेकर पानी में से गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण दर्जनों कार और बाइक बीच सडक़ पर बंद हो गईं। मैकेनिकों की दुकानों के बाहर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। दोपहिया चालक फिसलन के कारण गिरते-बचते नजर आए।

लोगों को जाम में फंसना पड़ा।

बसई रोड से शहर में पटौदी चौक की तरफ लंबा जाम लगा रहा। यहां सीवरेज लाइन का काम होने के कारण एक तरफ की सडक़ को वाहनों के लिए बंद किया गया है। बरसात में यहां हाल और अधिक खराब हो गया। ऑटो और ई-रिक्शा चालकों ने भी किराया बढ़ाकर वसूली की शिकायतें सामने आईं। मानसून से पहले नगर निगम और जिला प्रशासन ने दावा किया था कि शहर के सभी प्रमुख नालों की सफाई करा दी गई है। इस बार जलभराव की समस्या नहीं आएगी, लेकिन कुछ घंटे की बारिश के बाद ही सडक़ों पर पानी भर जाने से यह दावा खोखला साबित हुआ। जलभराव की सूचना मिलते ही नगर निगम, जीएमडीए और फायर की टीमें मौके पर पहुंचीं। पंप लगाकर पानी निकासी का काम शुरू किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story