वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए एमओएचयूए की टीम गुरुग्राम दौरे पर

WhatsApp Channel Join Now
वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए एमओएचयूए की टीम गुरुग्राम दौरे पर


गुरुग्राम, 18 मई (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण उपायों को मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार की उच्च स्तरीय टीम ने गुरुग्राम का दौरा किया।

केंद्र के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) की टीम ने नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय में अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र यादव और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में टीम ने सडक़ सुधारीकरण कार्य, सीएंडडी वेस्ट प्रबंधन तथा रोड स्वीपिंग मशीनों के संचालन की विस्तृत जानकारी ली।अधिकारियों ने बताया कि निगम क्षेत्र में सडक़ों के सुधारीकरण का कार्य तेज गति से चल रहा है। इसके अतिरिक्त रात के समय मुख्य सडक़ों की सफाई के लिए 19 रोड स्वीपिंग मशीनें लगातार कार्य कर रही हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जल्द ही नई व्यवस्था के तहत अतिरिक्त 52 रोड स्वीपिंग मशीनें भी शामिल की जाएंगी, जिससे सडक़ सफाई व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट (सीएंडडी वेस्ट) के प्रभावी प्रबंधन के लिए गांव बसई में प्रोसेसिंग प्लांट संचालित किया जा रहा है। इसके अलावा शहर के विभिन्न स्थानों पर सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन प्वाइंट भी बनाए गए हैं, ताकि अवैध डंपिंग पर रोक लगाई जा सके और अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित हो सके।

टीम ने किया फील्ड निरीक्षण

बैठक के बाद केंद्रीय टीम ने कई स्थानों का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया। टीम ने सडक़ सुधारीकरण कार्यों का जायजा लिया तथा बेगमपुर खटोला स्थित सीएंडडी वेस्ट कलेक्शन प्वाइंट और बसई स्थित सीएंडडी वेस्ट प्रोसेसिंग साइट का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने टीम को मौके पर चल रहे कार्यों और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। केंद्र सरकार की इस पहल से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण उपायों की निगरानी और प्रभावशीलता बढ़ी है। साथ ही स्थानीय निकायों और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी इससे मदद मिलेगी। अधिकारियों का मानना है कि नियमित समीक्षा और फील्ड निरीक्षण से प्रदूषण नियंत्रण संबंधी कार्यों में और अधिक तेजी आएगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story