गुरुग्राम: 12 साल में सडक़, रेल व हवाई संपर्क के क्षेत्र में हुई प्रगति: डा. सुधा यादव
-विशेष जन कल्याण शिविर का भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य डा. सुधा यादव ने किया निरीक्षण
-विभिन्न विभागों के स्टॉल व प्रदर्शनी का किया अवलोकन
गुरुग्राम, 18 जून (हि.स.)। भाजपा संसदीय बोर्ड सदस्य डा. सुधा यादव ने कहा कि देश में सडक़, रेल और हवाई संपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे के विस्तार से आवागमन सुगम हुआ है, जबकि रेलवे के आधुनिकीकरण और नई रेल सेवाओं से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं के विस्तार से देश के दूरस्थ क्षेत्र भी विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं।
वे गुरुवार को केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष जन कल्याण शिविर के तीसरे दिन शुभारंभ अवसर पर बोल रही थीं। उन्होंने रिब्बन काटकर शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने शिविर का अवलोकन किया तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत कर उन्हें मिल रहे लाभों की जानकारी ली। सुधा यादव ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन तथा नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा द्वारा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और प्रदर्शित विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी ली।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों में भी वृद्धि हुई है। शिविर में नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना योजना, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि योजना, लखपति दीदी योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर भाजपा गुरुग्राम जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला उपाध्यक्ष जयवीर यादव, जिला महामंत्री अजीत यादव, जिला महामंत्री मनीष सैदपुर, जिला सचिव गंगा सिंह नेकी सहित अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

