गुरुग्राम मेट्रो के पहले 160 टन वजनी यू-गार्डर को पिलर पर किया लिफ्ट

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम मेट्रो के पहले 160 टन वजनी यू-गार्डर को पिलर पर किया लिफ्ट


गुरुग्राम मेट्रो के पहले 160 टन वजनी यू-गार्डर को पिलर पर किया लिफ्ट


उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने विधिवत पूजन कर निर्माण के महत्वपूर्ण चरण का किया शुभारंभ

गुरुग्राम, 29 अगस्त (हि.स.)। गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना ने निर्माण कार्य की दिशा में शुक्रवार आधी रात को 160 टन वजनी पहला यू-गार्डर 400 और 600 टन क्षमता वाली हाइड्रोलिक क्रेनों की सहायता से लिफ्ट किया गया। यह गार्डर साइबर पार्क के नजदीक पिलर नंबर 26/27 पर लिफ्ट किया गया।

उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने विधिवत पूजन कर इस महत्वपूर्ण निर्माण प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इसके बाद उनकी उपस्थिति में निर्धारित तकनीकी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यू-गर्डर को निर्धारित स्थान पर सफलतापूर्वक स्थापित किया गया। राव नरबीर सिंह ने कहा कि पहले यू-गर्डर के लिफ्ट होने के साथ ही गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना के निर्माण कार्य ने जमीनी स्तर पर एक नया चरण शुरू किया है। गुरुग्राम मेट्रो विस्तार हरियाणा सरकार की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का उद्देश्य गुरुग्राम में आधुनिक और बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि शहर के विकास के साथ नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार हो। उन्होंने कहा कि परियोजना के निर्माण कार्य को गति देने के साथ-साथ गुणवत्ता और सुरक्षा के मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।

राव ने कहा कि पहले यू-गार्डर की लिफ्टिंग केवल निर्माण कार्य की शुरुआत का एक चरण नहीं, बल्कि गुरुग्राम के भविष्य की बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। परियोजना के आगे बढ़ने के साथ शहरवासियों को इसके सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई देंगे। पहले यू-गर्डर के सफलतापूर्वक लिफ्ट होने से गुरुग्राम मेट्रो विस्तार परियोजना के निर्माण कार्य को नई गति मिली है। आने वाले दिनों में निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अन्य निर्माण गतिविधियों को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा।

यू-गर्डर लिफ्टिंग प्रक्रिया का तकनीकी विवरण

परियोजना के लिए यू-गार्डर का निर्माण गुरुग्राम के सेक्टर-33, नाहरपुर रूपा स्थित विशेष प्रीकास्ट कास्टिंग यार्ड में किया जा रहा है। प्रत्येक यू-गर्डर की लंबाई लगभग 28 मीटर और चौड़ाई 5.05 मीटर है। एक यू-गर्डर में करीब 16 टन रिइनफोर्समेंट स्टील तथा लगभग 60 घन मीटर एम-60 ग्रेड कंक्रीट का उपयोग किया जाता है। ये प्री-टेंशन यू-गर्डर मेट्रो के वायाडक्ट के ऊपरी ढांचे का निर्माण करेंगे, जिसके ऊपर ट्रैक बिछाए जाएंगे और मेट्रो ट्रेनों का संचालन होगा।

इस महत्वपूर्ण अवसर पर गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के निदेशक (परियोजना एवं योजना) एस.आर. सांगवा, निदेशक (रोलिंग स्टॉक एवं इलेक्ट्रिकल) राजेश चतुर्वेदी तथा निदेशक (वित्त) रजत वर्मा, चीफ आर्किटेक्ट नम्रता कलसी, डीजीएम मधुर गोयल, निगम पार्षद कुलदीप यादव सहित निर्माण एजेंसी के अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ और संबंधित कर्मचारी भी मौके पर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story