गुरुग्राम: मांगों को लेकर गरजे नगर निगम के कर्मचारी
-पुराना नगर निगम कार्यालय में दिया धरना, शहर में किया प्रदर्शन
गुरुग्राम, 18 मार्च (हि.स.)। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को नगर निगम गुरुग्राम के कर्मचारियों ने पुराना नगर निगम कार्यालय में धरना दिया। इसके साथ ही प्रदर्शन करते हुए अग्रवाल धर्मशाला चौक पर ठेकेदारी प्रथा का पुतला दहन किया। विरोध प्रदर्शन की अध्यक्षता इकाई प्रधान बसंत कुमार ने की व संचालन सचिव धर्मेंद्र जिंघाला ने किया।
कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कर्मचारी नेता राज्य सह-सचिव सुशीला देवी, वरिष्ठ नेता राजेश कुमार, सम्मी बोहत, ज्ञानचंद, भारत कांगड़ा, दयाचंद, सीमा देवी, अनीता ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार कर्मचारियों लंबित मांगों का समाधान करने की बजाय सफाई कार्य में वर्क आउटसोर्स, ऑपरेशन मेंटेनेंस के ठेके कर कर्मचारियों के शोषण करने का रास्ता अपना रही है, जो घोर निंदनीय है। नगरपालिका कर्मचारी संघ मांग करता है कि तुरंत प्रभाव से पालिका, परिषद निगमों में सफाई व सीवर के कार्य में ठेकेदारी प्रथा पर रोक लगाकर क्षेत्रफल आबादी के अनुपात में सरकार के नियम अनुसार 400 की आबादी पर एक सफाई कर्मचारी का पद सृजित किया जाए।
साथ ही रिक्त पदों पर नियम अनुसार नियमित भर्ती की जाए। हरियाणा कौशल रोजगार निगम सहित पालिका रोल, दैनिक वेतन मान, पार्ट टाइम सहित सभी ठेकों में लगे कर्मचारियों को दो वर्ष सरल रेगुलाईजेशन निति बनाकर एक-एक मुश्त पक्का किया जाए। समान काम समान वेतन भत्तों सहित दिया जाए व न्यूनतम वेतन 30000 दिया जाए। गुरुग्राम के 3480 छटनी ग्रस्त कर्मचारियों को ड्यूटी पर लेने, फरीदाबाद अग्निकांड में शहीद हुए फायर फाइटर भवीचंद शर्मा व रणवीर के आश्रितों को हरियाणा सरकार एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता दे आश्रित को पक्की सरकारी नौकरी दे। प्रदर्शन को सीटू के जिला प्रधान सुरेश नोहरा, रिटायर्ड कर्मचारी संख्या जिला प्रधान कवर लाल यादव सर्व कर्मचारी संघ गुरुग्राम के जिला सचिव सुशील शर्मा, राजेंद्र सरोहा, मीनू, रविंदर, कुलदीप, अशोक कुमार, समीर दास, तेज पाल, कैलाश जॉन-3, दयाचन्द, मनजीत, दीपक जोयल, विक्रम, बंटी, रवि टांक आदि नेताओं ने संबोधित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

