गुरुग्राम में सीवरेज शिकायतों में लापरवाही पर जेई निलंबित, दो को नोटिस

WhatsApp Channel Join Now


गुरुग्राम, 02 अक्टूबर (हि.स.)। ई-समाधान पोर्टल पर सीवरेज शिकायत को बिना समाधान के ही ‘रिजोल्व्ड’ दिखाने पर नगर निगम गुरुग्राम ने सख्त कार्रवाई की है। निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने एक जेई को सस्पेंड कर दिया है, जबकि दो अन्य जेई को कारण बताओ नोटिस जारी कर पांच अक्तूबर को सुनवाई के लिए बुलाया है।

जानकारी के अनुसार दो अक्टूबर को पीडब्लूडी रेस्ट हाउस में निगमायुक्त ने सार्वजनिक शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान सतीश कुमार मिड्ढा की शिकायत संख्या 558612 की समीक्षा हुई, जो न्यू कॉलोनी में सीवरेज ओवरफ्लो और दुर्गंध को लेकर थी।

रिकॉर्ड में जेई अमित कुमार ने इस शिकायत को पोर्टल पर रिजोल्व्ड दर्शा दिया था, लेकिन शिकायतकर्ता से फोन पर बात करने पर पता चला कि मौके पर समस्या जस की तस बनी हुई है। निगमायुक्त ने इसे गंभीर लापरवाही, कर्तव्य में कमी और आधिकारिक निर्देशों की अवहेलना मानते हुए हरियाणा सिविल सर्विसेज (दंड और अपील) नियम 2016 के तहत अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें कार्यकारी अभियंता-मुख्यालय कार्यालय में रिपोर्ट करना होगा और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर रोक रहेगी।

पालम विहार और गांव बसई में भी फर्जीवाड़ा

इसी बैठक में पालम विहार की शिकायत संख्या 560000 भी सामने आई। शुभम नागिया द्वारा दर्ज इस शिकायत को भी रिजोल्व्ड दिखाया गया था, जबकि शिकायतकर्ता ने बताया कि ओवरफ्लो अभी भी हो रहा है। इस पर जेई आरिफ खान को नोटिस जारी कर 3 दिन में लिखित जवाब और 5 अक्टूबर सुबह 9 बजे रिकॉर्ड के साथ व्यक्तिगत सुनवाई में पेश होने को कहा गया है।

इसी तरह गांव बसई में सीवरेज ओवरफ्लो की शिकायत में भी पोर्टल पर समाधान दिखा दिया गया, जबकि मौके पर समस्या बनी मिली। इस मामले में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत लगे जेई तिलक को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story