गुरुग्राम: दृष्टिबाधित क्रिकेटर्स ने मारुति सुजुकी कर्मियों संग फ्रेंडली मैच में दिखाया जलवा
-मैच का मकसद सामाजिक समावेश को बढ़ावा देना रहा
गुरुग्राम, 16 जून (हि.स.)। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड ने अपने एम्प्लॉई वॉलंटियरिंग सीएसआर प्रोग्राम-ईपरिवर्तन के तहत क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड इन इंडिया (सीएबीआई) से जुड़ी क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड दिल्ली (सीएबीडी) के दृष्टिबाधित खिलाडिय़ों के साथ एक खास क्रिकेट मैच खेला। इस अनोखी पहल का मकसद सामाजिक समावेश को बढ़ावा देना और सहानुभूति, सम्मान और टीमवर्क की भावना पैदा करना है।
गुरुग्राम के सेक्टर 70 स्थित स्पोट्र्स क्यूब सेंटर फॉर एक्सीलेंस में यह मैच खेला गया। इस जगह पर दृष्टिबाधित क्रिकेटरों के लिए सुलभ इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध है। इस कार्यक्रम के तहत मारुति सुजुकी के एम्प्लॉईज की एक टीम ने सीएबीडी के खिलाडिय़ों के साथ 10-10 ओवरों के दो मैच खेले। दोनों मैच सीएबीडी की टीम ने जीते। ये मैच ब्लाइंड क्रिकेट के आधिकारिक नियमों के अनुसार खेले गए, जिनमें आवाज करने वाली गेंदों और बैटिंग, बॉलिंग व फील्डिंग के लिए बदले हुए नियमों का पालन किया गया।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कॉर्पोरेट अफेयर्स राहुल भारती ने कहा कि हम क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड दिल्ली को धन्यवाद देते हैं कि उन्होंने दोनों टीमों को एक साथ लाने का ब्यौरा मौका दिया। इन शानदार क्रिकेटरों के साथ खेलने से हमारी टीम को उनके अद्भुत प्रतिभा, दृढ़ संकल्प और जज्बे का अनुभव हुआ।
मारुति सुजुकी ने क्रिकेट एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड दिल्ली को क्रिकेट किट भी भेंट कीं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में मारुति सुजुकी के एम्प्लॉईज ने कंपनी के एम्प्लॉई वॉलंटियरिंग सीएसआर प्रोग्राम ईपरिवर्तन के तहत 2,600 घंटे से अधिक समय वॉलंटियर के तौर पर दिया, जिससे 8,700 से अधिक लोगों की जिंदगी पर सकारात्मक असर पड़ा। कंपनी के 1,100 से अधिक एम्प्लॉईज ने 30 से अधिक सामुदायिकि गतिविधियों में अपना समय और कौशल दिया, जिनमें स्वास्थ्य और सामुदायिक देखभाल से लेकर शिक्षा और युवाओं की भागीदारी तक शामिल थी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

