गुरुग्राम: अतिक्रमण हटाने गई टीमों पर पथराव करने के चार आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

-नगर निगम मानेसर और पुलिस टीम पर लोगों ने किया था पथराव

गुरुग्राम, 16 सितंबर (हि.स.)। अवैध अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम मानेसर और पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव किया और सरकारी वाहनों में तोडफ़ोड़ की। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नगर निगम मानेसर ने तीन सितंबर 2026 को थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में शिकायत दी थी।

शिकायत के अनुसार तीन सितंबर को नगर निगम की टीम पुलिस फोर्स के साथ गांव बास कुसला में शंकर की ढाणी में लगे अवैध कपड़ों, सब्जी और मीट की मार्केट को हटाने गई थी। कार्रवाई शांतिपूर्वक चल रही थी, तभी कुछ लोगों ने भीड़ को भडक़ाना शुरू कर दिया और निगम व पुलिस टीम पर पथराव कर दिया। पथराव में पुलिसकर्मी और निगम कर्मी घायल हो गए थे और सरकारी वाहनों में तोडफ़ोड़ की गई थी। इस शिकायत पर थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर में संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-7 आईएमटी मानेसर पुलिस ने 15 सितंबर 2026 को चार आरोपियों को बास कुसला से काबू किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राधेश्याम निवासी जिला गाजीपुर उत्तर प्रदेश, प्रकाश निवासी जिला बरेली उत्तर प्रदेश, सुरजपाल निवासी जिला अलीगढ़ उत्तर प्रदेश व विवेक निवासी जिला बलिया उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। वर्तमान में ये सभी मानेसर क्षेत्र में रह रहे हैं। पुलिस के अनुसार इन्हीं आरोपियों ने अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव और वाहनों में तोडफ़ोड़ की थी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story