गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर में हिंसा में 56 लोग गिरफ्तार, जेल भेजे

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर में हिंसा में 56 लोग गिरफ्तार, जेल भेजे


-सभी आरोपी उत्तर प्रदेश व बिहार के रहने वाले

गुरुग्राम, 10 अप्रैल (हि.स.)। वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर आईएमटी मानेसर में करीब 10 कंपनियों के 3000 ठेके के श्रमिकों द्वारा किए गए उपद्रव को लेकर पुलिस ने एफआईआर व गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को 56 श्रमिकों को गिरफ्तार किया गया। उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

बता दें कि आईएमटी मानेसर में कंपनियों में वेतन बढ़ाने व अन्य मांगों को लेकर श्रमिकों ने बुधवार को हड़ताल शुरू की थी। श्रमिक कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते रहे। अपनी मांगों को लेकर उन्होंने जमकर विरोध प्रदर्शन किए। श्रमिकों के प्रदर्शन, हड़ताल को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से क्षेत्र में धारा-163 लगा दी गई। जिसके तहत पांच से अधिक लोग एकत्रित नहीं हो सकते। फिर भी श्रमिकों ने अपनी एकता दिखाते हुए अपनी मांगों को लेकर खुलकर विरोध जताया। गुरुवार को श्रमिकों की पुलिस के साथ भी भिड़ंत हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज किया, वहीं श्रमिकों ने पुलिस की एक गाड़ी को तोड़ दिया और एक राइडर बाइक में आग लगा दी। दुपहिया वाहन निर्माता होंडा कंपनी के श्रमिकों का प्रबंधक के साथ बातचीत के बाद हल निकल गया और उन्होंने हड़ताल वापस ले ली। अन्य कंपनियों के श्रमिक हड़ताल पर ही रहे।

शुक्रवार को पुलिस ने तोडफ़ोड़ व आगजनी करने वाले श्रमिकों की फोटो, वीडियो से पहचान करते हुए उनकी गिरफ्तारी शुरू की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज, वीडियो आदि का सहारा लिया जा रहा है। कुछ लोगों ने कंपनी में भी तोडफ़ोड़ की थी। पुलिस द्वारा समझाने के बाद भी कानून का उल्लंघन करने वाले श्रमिकों पर कार्रवाई की जा रही है। तोडफ़ोड़ करके सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले श्रमिकों के खिलाफ आईएमटी मानेसर में केस दर्ज किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story