गुरुग्राम: मंदिरों के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा मंदिरों पर ही चलवा रही बुलडोजर: पंकज डावर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: मंदिरों के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा मंदिरों पर ही चलवा रही बुलडोजर: पंकज डावर


-बोले, कांग्रेस संगठन एकजुटता, भाईचारे के साथ क्षेत्र के लोगों के सदा साथ

-भाजपा का धर्म के नाम पर राजनीति का असली चेहरा ऐसे कृत्यों से हो रहा उजागर

-भूमाफियों को फायदा पहुंचाने की भी यह हो सकती है साजिश

गुरुग्राम, 13 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर-50 के आदमपुर झाड़सा गांव में बाबा बालकनाथ मंदिर, गोशाला और समाधि स्थल को तोड़े जाने की कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कड़ी निंदा करते हुए इसे भाजपा राज में सनातन पर हमला बताया है। उन्होंने कहा कि जो भाजपा मंदिर के नाम पर राजनीति करती है, वही आज मंदिरों पर बुलडोजर चलवा रही है। इससे भाजपा का धर्म के नाम पर राजनीति करने का असली चेहरा उजागर हो रहा है।

पंकज डावर ने कहा कि आदमपुर झाड़सा गांव में बाबा बालकनाथ जी का प्राचीन मंदिर, गौशाला तोड़ा जाना बेहद निंदनीय और सनातन आस्था पर प्रहार है। इससे यह पता चलता है कि भाजपा सरकार में आस्था के केंद्र सुरक्षित नहीं हैं। एक तरफ भाजपा खुद को हिंदुत्व की सबसे बड़ी हितैषी बताती है, वहीं दूसरी तरफ गुरुग्राम जैसे शहर में 100-150 साल पुराने मंदिर को प्रशासन के माध्यम से ध्वस्त करवा देती है। इससे साफ है कि भाजपा के लिए धर्म सिर्फ वोट लेने का जरिया है।

डावर ने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों और संत समाज का कहना है कि यह जमीन झाड़सा गांव की पंचायत ने दशकों पहले बाबा बालकनाथ आश्रम और पूजा-पाठ के लिए दान में दी थी। वहां वर्षों से पूजा-अर्चना हो रही थी और गोशाला में गौसेवा की जा रही थी।

पंकज डावर ने कहा कि कांग्रेस संगठन एकजुटता और भाईचारे के साथ काम करता है। कांग्रेस कभी भी धर्म के नाम पर राजनीति नहीं करती और न ही आस्था के केंद्रों पर चोट पहुंचाती है। भाजपा का दोहरा चरित्र अब जनता के सामने आ गया है। लोग समझ चुके हैं कि भाजपा सिर्फ धर्म की आड़ में सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस मामले में हस्तक्षेप करें, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करें और झाड़सा के बाबा बालकनाथ मंदिर परिसर का पुनर्निर्माण करवाएं। कांग्रेस पार्टी इस लड़ाई में ग्रामीणों और संत समाज के साथ खड़ी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story