गुरुग्राम: उद्योग जगत में लॉर्ड स्वराज पॉल का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा: विनोद बापना

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: उद्योग जगत में लॉर्ड स्वराज पॉल का योगदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा: विनोद बापना


-स्वर्गीय लॉर्ड स्वराज पॉल की प्रथम पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि

-कैपरो मारुति के मुख्यालय में श्रद्धांजलि सभा एवं हवन यज्ञ हुआ

गुरुग्राम, 22 अगस्त (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध उद्योगपति एवं कैपरो समूह के संस्थापक एवं चेयरमैन स्वर्गीय लॉर्ड स्वराज पॉल की प्रथम पुण्यतिथि पर कैपरो मारुति के मुख्यालय एवं मदर प्लांट में श्रद्धांजलि सभा एवं हवन यज्ञ आयोजित किया गया।

कैपरो मारुति के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं भारतीय उद्योग परिसंघ, हरियाणा परिषद के वरिष्ठ सदस्य विनोद बापना सहित कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वर्गीय लॉर्ड स्वराज पॉल को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर विनोद बापना ने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल भारतीय एवं वैश्विक उद्योग जगत की एक महान शख्सियत थे। उन्होंने अपनी दूरदृष्टि, नेतृत्व क्षमता और दृढ़ संकल्प के बल पर कैपरो समूह को विश्व स्तर पर यूरोप, अमेरिका और दुबई में भी प्रतिष्ठित औद्योगिक समूह के रूप में स्थापित किया। उनका जीवन उद्योग जगत के साथ-साथ समाज के प्रति जिम्मेदारी, मानवीय मूल्यों और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता का प्रेरणादायी उदाहरण रहा। उन्होंने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल के नेतृत्व में ईमानदारी, विनम्रता, उत्कृष्टता, अनुशासन और मानवीय संवेदनशीलता जैसे मूल्यों को विशेष महत्व मिला। यही मूल्य आज भी कैपरो समूह की कार्य संस्कृति और विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

बापना ने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल का प्रभाव केवल उद्योग और व्यवसाय तक सीमित नहीं था।

भारतीय और ब्रिटिश दोनों राजनीतिक क्षेत्रों में उनकी मजबूत पकड़ और व्यापक संपर्क थे। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं और राजनेताओं के साथ उनके घनिष्ठ एवं सम्मानपूर्ण संबंध रहे। अपने व्यापक अनुभव, संवाद क्षमता और दूरदर्शी सोच के कारण उन्होंने उद्योग, राजनीति और समाज के बीच महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल की विरासत केवल एक सफल औद्योगिक समूह के निर्माण तक सीमित नहीं है। उन्होंने जिस नेतृत्व संस्कृति और मानवीय मूल्यों की स्थापना की, वह आने वाली पीढिय़ों के लिए भी मार्गदर्शक बनी रहेगी। उनके विचार, सिद्धांत और कार्यशैली कैपरो परिवार को निरंतर प्रेरणा देते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि लॉर्ड स्वराज पॉल का जीवन संघर्ष, साहस, दूरदृष्टि और उत्कृष्टता के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा। बापना ने कहा कि स्वर्गीय लॉर्ड स्वराज पॉल का भौतिक अस्तित्व आज हमारे बीच नहीं है, लेकिन उनके विचार, मूल्य, नेतृत्व और प्रेरणादायी विरासत सदैव जीवित रहेगी। उनकी स्मृति और योगदान आने वाली पीढिय़ों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story