गुरुग्राम: राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध : राजीव रंजन

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: राज्य सरकार श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध : राजीव रंजन


एनएचआरडी नेटवर्क ने हरियाणा श्रम विभाग के साथ श्रम सुधारों पर हुआ कार्यक्रम

गुरुग्राम, 08 मार्च (हि.स.)। एनएचआरडी नेटवर्क ने हरियाणा सरकार के श्रम विभाग के सहयोग से श्रम सुधारों और नए श्रम संहिताओं के क्रियान्वयन पर रविवार को एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में एनसीआर और राजस्थान क्षेत्र से आए 150 से अधिक एचआर पेशेवरों और उद्योग प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रम विभाग हरियाणा के प्रधान सचिव राजीव रंजन रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए सुगम व्यवसायिक वातावरण तैयार करने के साथ-साथ श्रमिकों के हितों की सुरक्षा के लिए भी प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि नई श्रम संहिताओं के तहत पारंपरिक निरीक्षण आधारित व्यवस्था से आगे बढ़ते हुए एक सहज, पारदर्शी और सुगम अनुपालन व्यवस्था विकसित की जा रही है। इस अवसर पर आयोजित पैनल चर्चा में अतिरिक्त श्रम आयुक्त एनसीआर कुशल कटारिया, उप-श्रम आयुक्त नवीन शर्मा, होंडा टू-व्हीलर्स इंडिया के एचआर हेड सत्यप्रकाश पाटिल, हुंडई मोटर्स के हेड एचआर नटवर काडेल, डीसीएम श्रीराम के सीएचआरओ संदीप गिरोत्रा तथा हेड एचआर विक्रम हॉलिस्टर ने उद्योग और श्रम प्रशासन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने विचार सांझा किए। कार्यक्रम में डॉ. आर.जी. मीणा सलाहकार श्रम विभाग भारत सरकार ने भी संबोधित किया। श्रम सुधारों के राष्ट्रीय दृष्टिकोण तथा उद्योग और सरकार के बीच सहयोग की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएचआरडी रेवाड़ी-अलवर चैप्टर के अध्यक्ष धर्म रक्षित ने की। महानिदेशक एनएचआरडी नेटवर्क धनंजय सिंह ने एचआर पेशेवरों और नीति निर्माताओं के बीच संवाद को बढ़ावा देने में एनएचआरडी की भूमिका पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में उपस्थित प्रमुख एचआर पेशेवरों में अमित मलिक, तुषारिका सिंह, अमृता, पूर्णिमा भार्गव, प्रीतम, सुधांशु, प्रमोद और विजय सहित कई अन्य उद्योग प्रतिनिधि शामिल रहे। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। सभी हितधारकों ने श्रम प्रशासन को और अधिक पारदर्शी, सहयोगात्मक और प्रगतिशील बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story