गुरुग्राम पुलिस ने गायक एमडी के साथ साइबर अपराध जागरुकता अभियान
-गुरुग्राम पुलिस साइबर अपराध टीम के लिए नए विशेष सोशल मीडिया हैंडल का शुभारंभ
गुरुग्राम, 19 मार्च (हि.स.)। भारत में साइबर अपराध और निजता का उल्लंघन तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक के लिए साइबर स्पेस से जुड़े जोखिमों, डेटा लीक होने और सोशल मीडिया या ईमेल के माध्यम से गोपनीयता के उल्लंघन को समझना महत्वपूर्ण हो जाता है। गुरुग्राम पुलिस ने इसके लिए एंबियंस मॉल में हरियाणवी गायक एमडी के साथ मिलकर जागरुकता अभियान चलाया। साथ ही साइबर अपराध टीम के लिए नए विशेष सोशल मीडिया हैंडल का शुभारंभ भी किया गया।
अभियान की शुरुआत एसीपी साइबर अपराध प्रियांशु दीवान ने हरियाणवी सिंगर एमडी और साइबर सुरक्षा अधिकारियों के साथ लोगों को जागरुक किया। यहां बताया गया कि इंटरनेट, साइबर कानूनों और जोखिमों के बारे में उपयोगकर्ता जागरूकता की कमी भारत में एक बड़ी चुनौती है। इसलिए साइबर अपराध को रोकने के उद्देश्य से जागरूकता बढ़ाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने साइबर अपराध टीम के लिए भी अपने नए विशेष सोशल मीडिया हैंडल (ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब) लॉन्च किए हैं। इन हैंडल का उद्देश्य साइबर अपराधों के बारे में लोगों की बुनियादी जानकारी और साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम के लिए बरती जाने वाली सावधानियों को बढ़ाना है। इन प्लेटफार्म के माध्यम से गुरुग्राम साइबर अपराध पुलिस साइबर सुरक्षा युक्तियाँ, जागरूकता वीडियो, चित्र और क्रिएटिव सांझा करेगी।
साइबर अपराध की रोकथाम के बारे में जागरूकता बढ़ाने और साइबर सुरक्षा युक्तियों को साझा करने के लिए प्रसिद्ध हरियाणवी गायक एमडी देसी रॉकस्टार भी साइबर खतरों के बारे में जागरुकता बढ़ाने और सुरक्षित रहने के सुझावों के लिए पुलिस के इस अभियान का हिस्सा बने। साइबर क्राइम ईस्ट टीम, अस्मिता थिएटर गु्रप और सीएसओ ने लोगों को सावधानी बरतने और साइबर सुरक्षा के बारे में लोगों को शिक्षित करने के लिए प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न नुक्कड़ नाटकों का प्रदर्शन किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ईश्वर/संजीव
हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्वाइन करने के लिये यहां क्लिक करें, साथ ही लेटेस्ट हिन्दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लिये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लिये यहां क्लिक करें।