गुरुग्राम: भीषण हादसे में जिंदा जला कंटेनर चालक

WhatsApp Channel Join Now

बिलासपुर की ओर से आ रहेे कंटेनर ने सड़क पर खड़े कंटेनर में मारी टक्कर

गुरुग्राम, 06 जून (हि.स.)। कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में एक कंटेनर चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा पटौदी टोल से फर्रूखनगर टोल की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां एक खड़े कंटेनर के पीछे से आ रहे दूसरे कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक्सप्रेसवे पर एक कंटेनर सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान बिलासपुर की ओर से आ रहा दूसरा कंटेनर अनियंत्रित होकर खड़े वाहन से जा टकराया। हादसे के समय कंटेनर को उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का रहने वाला दीपू पुत्र सीताराम चला रहा था। टक्कर के बाद चालक दीपू कंटेनर के केबिन में फंस गया और आग की तेज लपटों के कारण बाहर नहीं निकल सका। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों कंटेनरों में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी। आग इतनी भयानक थी कि चालक का शव पूरी तरह जलकर कंकाल में तब्दील हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और खड़े वाहन को समय रहते नहीं देख पाना माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है, ताकि हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story