गुरुग्राम: किरण बेदी की संस्था नवज्योति इंडिया फाउंडेशन ने मनाई रजत जयंती

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: किरण बेदी की संस्था नवज्योति इंडिया फाउंडेशन ने मनाई रजत जयंती


-25 वर्षों की सेवा यात्रा का किया उत्सव

गुरुग्राम, 24 नवंबर (हि.स.)। नवज्योति इंडिया फाउंडेशन ने अपनी 25 वर्षों की सेवा यात्रा के उपलक्ष्य में रजत जयंती समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर संस्था की संस्थापक एवं भारत की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी तथा ब्रह्माकुमारीज की राजयोगिनी बीके शिवानी विशेष रूप से उपस्थित रहीं।

जिला के नया गांव स्थित नवज्योति इंडिया फाउंडेशन के इस समारोह की मुख्य थीम ग्राम परिवर्तन के लिए सामूहिक चेतना रही।

कार्यक्रम में संस्था की 25 वर्षों की सामाजिक सेवा, सामुदायिक सहभागिता और ग्रामीण विकास की उपलब्धियों को सांझा किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण परिसर में नीलम गजेंद्र सिंघवी हॉल का उद्घाटन किया गया, जहां डॉ. किरण बेदी के जीवन सफर को दुर्लभ तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। साथ ही संस्था की 25 वर्षों की सेवा यात्रा और प्रेरणादायक महिलाओं की कहानियों पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी हुआ। बीके शिवानी ने अपने संबोधन में सकारात्मक सोच, आत्मिक सशक्तिकरण और व्यक्तिगत बदलाव के माध्यम से सामाजिक परिवर्तन लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वर्णिम भारत का निर्माण तभी संभव है, जब हर घर में सकारात्मक सोच विकसित होगी।

समारोह में आसपास के गांवों से 500 से अधिक लोगों ने भाग लिया।

समारोह में नवज्योति इंडिया फाउंडेशन की निदेशक (सस्टेनेबिलिटी एवं जेंडर इन्क्लूजन) डॉ. चांदनी बेदी ने संस्था की उपलब्धियों को सांझा करते हुए बताया कि जल संरक्षण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों से अब तक सवा तीन लाख से अधिक लोगों को लाभ पहुंचा है। लगभग 362 मिलियन लीटर वर्षा जल के भूजल पुनर्भरण की क्षमता विकसित की गई है। डॉ. किरण बेदी ने नवज्योति की 25 वर्षों की सेवा यात्रा को याद करते हुए सामाजिक परिवर्तन, सामुदायिक नेतृत्व और आत्मनिर्भरता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने ग्रामीण विकास के लिए सामूहिक भागीदारी और सांझा जिम्मेदारी को आवश्यक बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story