गुरुग्राम: पार्किंग विवाद में दुकानदार की हत्या करने का आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम, 28 मई (हि.स.)। खांडसा मंडी में पार्किंग को लेकर हुए विवाद में 55 वर्षीय व्यक्ति की नुकीले हथियार से वार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को एसीपी अपराध नवीन शर्मा ने बताया कि इस मामले में शिकायत पर थाना शिवाजी नगर में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
थाना शिवाजी नगर पुलिस को अस्पताल से सूचना मिली कि खांडसा मंडी निवासी भारत भूषण की इलाज के दौरान मौत हो गई है। अस्पताल पहुंची पुलिस टीम को जांच में पता चला कि भारत भूषण की मौत झगड़े में लगी चोटों के कारण हुई है। मृतक के भाई ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब पांच से साढ़े पांच बजे वह अपने भाई के साथ फ्रूट की गाड़ी दुकान के सामने लगा रहे थे। इसी दौरान पास की दुकान वाले राहुल ने गाड़ी लगाने से रोक दिया और दुकान मालिक जय भगवान को बुला लिया। आरोप है कि जय भगवान ने आते ही झगड़ा शुरू कर दिया और नुकीली चीज से भारत भूषण की छाती पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल भारत भूषण को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 26 मई को आरोपी जय भगवान उर्फ सीटू (49), निवासी हीरानगर, गुरुग्राम को सोनीपत से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पार्किंग को लेकर हुए विवाद में गुस्से में आकर उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी पर पहले से गुरुग्राम में जुआ अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज हैं। पुलिस रिमांड के दौरान हत्या में इस्तेमाल हुआ नुकीला हथियार सुआ बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

