विश्व शांति, कल्याण व सद्भावना के लिए गुरुग्राम में गूंजा णमोकार मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
विश्व शांति, कल्याण व सद्भावना के लिए गुरुग्राम में गूंजा णमोकार मंत्र


-जैन संतों के सानिध्य में हजारों जैन अनुयायियों ने किया मंत्र का जप

-मंत्र का एक जप 17 सेकेंड में हुआ पूरा, एक घंटे में 212 बार हुआ जप

गुरुग्राम, 09 अप्रैल (हि.स.)। णमो अरिहंताणं, णमो सिद्धाणं, णमो आयरियाणं, णमो उवज्झायाणं, णमो लोए सव्वसाहूणं...। जैन धर्म का यह णमोकार मंत्र गुरुवार को गुरुग्राम में गूंजा। जैन संतों के सानिध्य में संगीतमय तरीके से णमोकार मंत्र का जप किया गया। अवसर था-जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) की ओर से विश्व शांति, सद्भावना के लिए विश्व नवकार दिवस मनाने का। सेक्टर-17 स्थित ब्लिस प्रीमियर बैंक्वेट हॉल में यह भव्य आयोजन किया गया।

दूसरे अंतरराष्ट्रीय णमोकार मंत्र दिवस पर गुरुवार की सुबह ठीक आठ बजे शुरू हुआ यह मंत्र जप नौ बजे पूर्ण हुआ। हजारों की संख्या में पहुंचे जैन अनुयायियों (महिला, पुरुषों, बच्चों) ने एक घंटे तक जप किया। मंत्र का एक जप 17 सेेंकेड का रहा, जो एक घंटे (3600 सेकेंड) में 212 बार हुआ। मंचासीन जैन साध्वियों के आशीर्वाद और सानिध्य में णमोकार मंत्र का जप किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नूंह डा. अर्पित जैन, दिल्ली के न्यायाधीश राहुल जैन, डीएलएसए द्वारका कोर्ट दिल्ली के सचिव एवं ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट शुभम देवादिया, ज्यूडिशियल ऑफिसर प्रांशु जैन, विंग कमांडर कुलदीप जैन, स्क्वाड्रन लीडर नूपुर जैन समेत अनेक विशेष अतिथियों ने शिरकत की।

आयोजन समिति के चेयरमैन शैलेश जैन, सेक्रेटरी संजय जैन तथा नवकार मंत्र कन्वीनर एवं वाइस चेयरमैन राजकुमार जैन सालगिया के मुताबिक इस पावन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत की। अनेक गणमान्य अतिथि, वरिष्ठ अधिकारी व समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों की उपस्थिति भी रही। विभिन्न संस्थाओं एवं समाज के लोगों का इसमें पूर्ण सहयोग रहा। उन्होंने कहा कि इस दिवस का मुख्य उद्देश्य मानव जाति का कल्याण, विश्व में सुख, शांति और समृद्धि का संदेश फैलाना है। यह णमोकार मंत्र शांति देता है। उन्होंने कहा कि केवल यह एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक आंदोलन का हिस्सा है। शांति, सद्भाव के साथ विश्व कल्याण का यह आंदोलन है। हमें केवल एक मंत्र जप कार्यक्रम का हिस्सा ही नहीं बनना, बल्कि इस मंत्र को अपने जीवन में भी उतारना है। उन्होंने बताया कि नवकार मंत्र दिवस को विश्व नवकार दिवस के रूप में स्थापित करने एवं भारत सरकार से मान्यता दिलाने का भी प्रयास किया जा रहा है। णमोकार मंत्र केवल हमारी आस्था का केंद्र नहीं, यह सही जीवन जीने का मार्ग भी दिखाता है। नौ अप्रैल 2025 से इसकी शुरुआत की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस मंत्र का उच्चारण करके इसकी महिमा का गुणगान किया था। पहली बार दुनियाभर में 1360 स्थानों पर एक करोड़ 88 लाख लोगों ने इसका जप किया था।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story