गुरुग्राम भोंडसी जेल में वार्डन ने फांसी लगाकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

-क्वार्टर में लटका मिला शव, दरवाजा तोडक़र निकाला

गुरुग्राम, 29 नवंबर (हि.स.)। जिला जेल भोंडसी जेल में तैनात एक वार्डन ने अपने क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव क्वार्टर के अंदर फंदे पर लटका मिला है। जेल प्रशासन की तरफ से इसकी सूचना भोंडसी थाने में दी। वह दो दिन से ड्यूटी पर गैरहाजिर था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया।

मृतक की पहचान 52 वर्षीय लाल सिंह के रूप में हुई है। वे मूल रूप से सिरसा जिले के रहने वाले थे।

लाल सिंह करीब सात साल से भोंडसी जेल में वार्डन के रूप में तैनात थे। लाल सिंह जेल परिसर में बने क्वार्टर में एक अन्य वार्डन के साथ रहते थे। दूसरा वार्डन तीन दिन पहले छुट्टी पर गया था। दो दिन से वे ड्यूटी पर नहीं आए थे। शनिवार देर शाम जब दूसरा वार्डन छुट्टी से वापस आया, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर अन्य कर्मचारियों को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर लाल सिंह फंदे पर लटके पाए गए। हालांकि जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

जेल अधिकारियों के मुताबिक कुछ समय पहले लाल सिंह के खिलाफ किसी मामले में शिकायत हुई थी। इस मामले में उन्हें लाइन हाजिर भी किया गया था, लेकिन उसके बाद उनकी ड्यूटी ठीक चल रही थी। सुसाइड के सही कारण अभी पता नहीं चल सके हैं। हालांकि सहकर्मी पारिवारिक विवाद भी बता रहे हैं, लेकिन अभी पुष्टि नहीं हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785289 Articles

Share this story