गुरुग्राम: इंतकाल के नाम पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: इंतकाल के नाम पर 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार


-गुरुग्राम में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई

गुरुग्राम, 06 जुलाई (हि.स.)। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम में हल्का पटवारी राजेश मल्हान को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के गुरुग्राम थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को मिली शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता का दोस्त गांव शेरपुर स्थित अपनी जमीन का इंतकाल/म्यूटेशन पत्नी के नाम करवाना चाहता था। इसके लिए पटवारी राजेश मल्हान ने काम करने के बदले 45 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता के अनुरोध पर आरोपी ने राशि घटाकर 20 हजार रुपये कर दी। इसमें से वह पांच हजार रुपये पहले ही बतौर पहली किस्त ले चुका था। शेष 15 हजार रुपये देने के लिए उसने शिकायतकर्ता को बुलाया। शिकायत मिलने के बाद राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। ट्रैप के दौरान आरोपी राजेश मल्हान को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की शेष रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। राज्य सतर्कता ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगे तो तुरंत सूचना दें। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और हर शिकायत पर निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story