गुरुग्राम: इंश्योरेंस पॉलिसी के नाम पर चल रहा फर्जी कॉल सेंटर पकड़ा
-पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
गुरुग्राम, 28 मई (हि.स.)। इंश्योरेंस पॉलिसी और गवर्नमेंट बॉन्ड खरीदने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। साइबर मानेसर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कॉल सेंटर संचालित करने वाले तीन आरोपियों को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 21 जनवरी 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर मानेसर में शिकायत दी कि उसे खुद को वन सर्वर कैपिटल एडवाइस एलएलपी का प्रतिनिधि बताने वाले लोगों ने पॉलिसी बॉन्ड खरीदने के नाम पर गुमराह कर करीब 26 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साइबर मानेसर थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच और डेटा एनालिस के आधार पर 25 मई 2026 को गाजियाबाद में दबिश देकर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदित चोपड़ा (31), निवासी जगतपुरा नॉर्थ दिल्ली, हाल निवासी अशोक वाटिका शालीमार सिटी रॉयल गार्डन गाजियाबाद; जितेश कुमार श्रीवास्तव (34), निवासी शास्त्री नगर उत्तर पश्चिमी दिल्ली और हिमांशु प्रेमी उर्फ सरदार (32) निवासी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी हिमांशु और जितेश गाजियाबाद की एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करते थे। उन्होंने वहीं एक अवैध कॉल सेंटर स्थापित किया और कंपनी से लीक डेटा लेकर लोगों को कॉल करते थे। कॉल पर खुद को वित्तीय सलाहकार बताकर इंश्योरेंस पॉलिसी और गवर्नमेंट बॉन्ड में निवेश का लालच देकर ठगी करते थे। कॉल करने का काम उन्होंने आरोपी उदित चोपड़ा को सौंपा हुआ था।जांच में यह भी पता चला कि शिकायतकर्ता की रकम जिस बैंक खाते में ट्रांसफर हुई थी, उससे एटीएम और चेक के जरिए नकदी निकाली गई। इस खाते के धारक श्याम और एटीएम से पैसे निकालने वाले आरोपी अर्जुन सिंह को पुलिस छह मई 2026 को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके बाद आठ मई को सिम उपलब्ध कराने वाले धर्मेन्द्र सिंह और एटीएम से नकदी निकालने वाले अमित कुमार यादव उर्फ सत्यम को उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 13 मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और 50 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। इन उपकरणों का इस्तेमाल ठगी की कॉल और पैसे ट्रांसफर के लिए किया जाता था। आरोपी जितेश कुमार श्रीवास्तव और हिमांशु प्रेमी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। उदित चोपड़ा को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

