गुरुग्राम: ग्रीन बेल्ट से अवैध टॉयलेट निर्माण का ढांचा हटाने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: ग्रीन बेल्ट से अवैध टॉयलेट निर्माण का ढांचा हटाने की मांग


-रेजिडेंट्स ने उठाई जनभावनाओं के सम्मान की आवाज

गुरुग्राम, 01 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-5 की ग्रीन बेल्ट में किए गए टॉयलेट निर्माण को लेकर स्थानीय रेजिडेंट्स ने एक बार फिर विरोध दर्ज कराते हुए अवैध निर्माण के ढांचे को हटाने की मांग की है। पूर्व आरडब्ल्यूए अध्यक्ष सेक्टर-3, 5 एवं 6 दिनेश वशिष्ठ ने शनिवार को बताया कि ग्रीन बेल्ट में टॉयलेट निर्माण का स्थानीय निवासियों ने शुरू से ही विरोध किया था। आरोप है कि इसके बावजूद भी वार्ड-35 के पार्षद परमिंदर कटारिया द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा गया।

दिनेश वशिष्ठ ने बताया कि रेजिडेंट्स की मांग पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी से निर्माण की विभागीय स्वीकृति एवं स्वीकृत नक्शा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, लेकिन कोई भी वैध अनुमति, स्वीकृति नक्शा प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद संबंधित विभाग को लिखित शिकायत दी गई, जिसके उपरांत ग्रीन बेल्ट में टॉयलेट का निर्माण कार्य रोक दिया गया। मदन गोपाल यादव ने कहा कि ग्रीन बेल्ट सार्वजनिक हरित क्षेत्र है, जहां पेड़ों की कटाई कर निर्माण करना स्थानीय लोगों की भावनाओं के विपरीत है। अवैध टॉयलेट निर्माण के ढांचे को हटाकर ग्रीन बेल्ट को उसकी मूल स्थिति में बहाल किया जाना चाहिए।

नवतरंग एनजीओ की चेयरपर्सन रितु चौधरी ने कहा कि उनका संगठन विकास कार्यों का विरोध नहीं करता, लेकिन सभी विकास कार्य नियमों के अनुरूप और निर्धारित स्थान पर ही होने चाहिए। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार हरियाली बढ़ाने और वृक्षारोपण को प्रोत्साहित कर रही है, वहीं दूसरी ओर ग्रीन बेल्ट में पेड़ों की कटाई कर निर्माण किया जाना चिंताजनक है। भाजपा नेत्री अनीता लूथरा अग्रवाल ने कहा कि सेक्टर-5 मार्केट में सार्वजनिक शौचालय के निर्माण के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध है। ऐसे में वहीं पर शौचालय का निर्माण कराया जाना चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story