गुरुग्राम पुलिस ने अनैतिक तस्करी नेटवर्क का किया भंडाफोड़, आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

सेक्टर-38 के पीजी में छापा मारकर अन्य 21 लोग भी पकड़े

गुरुग्राम, 20 सितंबर (हि.स.)। गुरुग्राम पुलिस ने अनैतिक तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तेज कर दी है। शुक्रवार की रात स्पा सेंटर्स में छापेमारी के बाद शनिवार की रात गाँव झाड़सा से एक पति पत्नी को गिरफ्तार किया है। साथ ही 21 अन्य लोग भी काबू किये गए।

बचाई गई एक पीड़िता से पूछताछ के बाद पुलिस को गांव झाड़सा निवासी साहिल द्वारा चलाए जा रहे एक कथित संगठित तस्करी नेटवर्क का पता चला। सूचना के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और छापा मारकर साहिल को उसकी पत्नी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

वेबसाइट और व्हाट्सएप से चलता था नेटवर्क

शुरुआती जांच में खुलासा हुआ है कि साहिल इन कथित गतिविधियों को अंजाम देने के लिए वेबसाइट चला रहा था। व्हाट्सएप चैट व अन्य संचार माध्यमों का इस्तेमाल कर रहा था। यह नेटवर्क कथित तौर पर पीजी गेस्ट हाउस, गाड़ियों और 10-12 सहयोगियों के जरिए चलाया जा रहा था। पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि नाबालिग होने के दौरान उसे कथित तौर पर जबरन झाड़सा स्थित ठिकाने पर रखा गया था।

आईटीपीए नोडल एसीपी अभिलक्ष जोशी और हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी की देखरेख में सेक्टर-38 स्थित एक पीजी में संयुक्त छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान मौके से विदेशी नागरिकों सहित 13 पुरुष और आठ महिलाओं को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक इस मामले में आईटीपीए और फॉरेनर्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत सदर पुलिस स्टेशन गुरुग्राम में एक नई एफआईआर दर्ज की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story