गुरुग्राम में इफको चौक सर्विस रोड पर धंसी जमीन, बना गहरा गड्ढा

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम में इफको चौक सर्विस रोड पर धंसी जमीन, बना गहरा गड्ढा


गुरुग्राम में इफको चौक सर्विस रोड पर धंसी जमीन, बना गहरा गड्ढा


ट्रैफिक पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

गुरुग्राम, 25 अगस्त (हि.स.)। शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक इफको चौक पर मंगलवार को जमीन धंसने से सर्विस रोड पर एक गहरा और खतरनाक गड्ढा बन गया। पीक ऑवर में वाहनों का भारी दबाव होने के कारण किसी भी वाहन के गड्ढे में गिरने और बड़े हादसे का खतरा बन गया था।

घटना की सूचना मिलते ही यातायात निरीक्षक महावीर ने बिना देर किए अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर सूझबूझ का परिचय दिया। टीम ने तुरंत गड्ढे वाले क्षेत्र के चारों ओर रिफ्लेक्टर और बैरिकेड्स लगाकर एरिया को कॉर्डन ऑफ कर दिया, ताकि चल रहे वाहनों को गड्ढे की तरफ आने से रोका जा सके। साथ ही इसकी सूचना तुरंत जीएमडीए और एनएचएआई के अधिकारियों को दी गई। सूचना पर दोनों विभागों की तकनीकी टीमें मौके पर पहुंच गईं और सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। प्राथमिक जांच में जमीन धंसने के पीछे भूमिगत पाइपलाइन लीक या मिट्टी के कटाव को कारण माना जा रहा है, हालांकि सही कारणों की जांच जारी है।

यातायात निरीक्षक महावीर और उनकी टीम की सजगता और त्वरित कार्रवाई के कारण एक बड़ा हादसा टल गया, वरना इस गहरे गड्ढे में किसी भी वाहन के फंसने से जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। मौके पर मौजूद राहगीरों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों ने गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस की इस तत्परता की खूब सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story