गुरुग्राम: पति ने बेलन से पीटकर की पत्नी की हत्या

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 15 जून (हि.स.)। सेक्टर-93 स्थित चौकी के अंतर्गत घरेलू कलह के चलते नशे में धुत एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेलन मारकर हत्या कर दी। बेलन से पत्नी का सिर फोडऩे के बाद आरोपी सो गया था। रात भर खून बहने के चलते उसकी मौत हो गई। सुबह जब आरोपी ने पत्नी को मृत देखा तो पड़ोसियों को सृूचना देकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार साहिब साहनी अपनी पत्नी मीना देवी के साथ सेक्टर-93 चौकी क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था। साहिब साहनी रविवार रात को शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था। घर पहुंचते ही उसका मीना देवी के साथ खाना बनाने की बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। कुछ ही देर बाद विवाद इतना बढ़ गया कि तैश में आकर साहिब ने रसोई में रखा बेलन उठाकर मीना के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ कई वार किए।

मीना खून से लथपथ जमीन पर गिर गई। पत्नी की बेरहमी से पिटाई के बाद पति सो गया। सुबह जब पति उठा तो उसे पत्नी मृत मिली। इसके बाद वह पड़ोसियों को जानकारी देकर मौके से फरार हो गया। पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मीना देवी का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story