गुरुग्राम: जाटौली गांव की पायल बनीं भूगोल की असिस्टेंट प्रोफेसर
गुरुग्राम, 05 मार्च (हि.स.)। जिला के गांव जाटौली की पायल रानी पत्नी ऋषिकेश का हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की भूगोल कालेज कैडर की परीक्षा पास की है। पायल अब भूगोल की असिस्टेंट प्रोफेसर (सहायक प्राध्यापिका) होंगी। पायल की इस उपलब्धि पर परिवार व गांव में खुशी की लहर है। लोगों ने पायल व परिवार को बधाई दी।
पायल रानी के पिता धारूहेड़ा निवासी सुरेंद्र कुमार ने भी गुरुवार काे बेटी की इस सफलता पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह पायल की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पायल ने अपनी शिक्षा बी.ए., एम.ए., बी.एड. के साथ-साथ नेट, सीटेट और एचटेट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाएं भी पास की हैं। वर्तमान में पायल रानी महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय (एमडीयू) रोहतक से भूगोल विषय में पीएचडी कर रही हैं। पायल रानी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने गुरुओं, माता-पिता और समस्त परिवारजनों को दिया है। उन्होंने कहा कि परिवार के सहयोग, शिक्षकों के मार्गदर्शन और निरंतर मेहनत के कारण ही यह सफलता संभव हो पाई है। परिवार के सदस्यों और क्षेत्र के लोगों ने पायल रानी को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

