गुरुग्राम: एचपीएससी परीक्षा में महिलाओं को जांच के बाद मिलेगी मंगलसूत्र पहनने की अनुमति

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: एचपीएससी परीक्षा में महिलाओं को जांच के बाद मिलेगी मंगलसूत्र पहनने की अनुमति


-गुरुग्राम में एचपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा के लिए बनाए गए 56 परीक्षा केंद्र

-नकल रहित परीक्षा के संचालन के लिए 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त

गुरुग्राम, 24 अप्रैल (हि.स.)। यहां होने वाली एचपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर हर अभ्यर्थी को गहन जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। पूर्व में विवाहित महिलाओं के मंगलसूत्र, नथ व अन्य आभूषण पहनने को लेकर हुए विवाद के बाद अब मंगलसूत्र तो पहनने की अनुमति दी जाएगी। इससे पहले महिला अभ्यर्थियों की गहन जांच की जाएगी।

शुक्रवार को यहां लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ बैठक में हरियाणा लोक सेवा आयोग की सदस्य ममता यादव ने कई अहम जानकारियां सांझा कीं। उन्होंने कहा कि परीक्षा में आने वाले सिख अभ्यर्थी कड़ा और कृपाण के साथ परीक्षा केंद्र में आते हैं तो उन्हें जांच प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय से पहले पहुंचना होगा। तय मानकों के अनुसार ही उन्हें प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को जांच के बाद मंगलसूत्र पहनने की अनुमति दी जाएगी। मोबाइल फोन, ब्लू टूथ, स्मार्ट वॉच, पेन स्कैनर सहित किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की एचसीएस (एक्जीक्यूटिव ब्रांच) एवं अन्य संबद्ध सेवाओं की 26 अप्रैल को होने वाली प्रारंभिक परीक्षा के लिए गुरुग्राम जिला में 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए है। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। परीक्षा केंद्र अधीक्षकों, पेपर वितरण अधिकारियों व ड्यूटी मजिस्ट्रेट्स के साथ अलग-अलग सत्रों में बैठक में ममता यादव ने बताया कि प्रारंभिक परीक्षा 26 अप्रैल 2026 (रविवार) को दो अलग-अलग सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह दस बजे से 12 बजे अपराहन तक तथा दूसरा सत्र दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगा। पहले सत्र के लिए प्रवेश सुबह 8:30 बजे तथा दूसरे सत्र के लिए 1:30 बजे से आरंभ होगा।

परीक्षा के लिए नोडल अधिकारी एवं एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि जिला में परीक्षा को लेकर भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 लगा दी गई है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन, मोबाइल जैमर, बैगेज प्रबंधन आदि इंतजामों की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। जिला प्रशासन ने 13 ड्यूटी मजिस्ट्रेट भी लगाए गए है। परीक्षा के लिए विकास सदन में एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। जिसके नंबर 0124-2332363 तथा 2322211 है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story