गुरुग्राम: अस्पताल के कैश काउंटर से चोरी, एग्जीक्यूटिव सहित दो गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

-20 हजार रुपये और 2500 डॉलर बरामद

गुरुग्राम, 07 सितंबर (हि.स.)। सेक्टर-53 स्थित शाल्बी इंटरनेशनल हॉस्पिटल में कैश काउंटर से नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने हॉस्पिटल में कार्यरत महिला एग्जीक्यूटिव सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 20,000 रुपये और 2,500 अमेरिकी डॉलर बरामद हुए हैं।

शिकायत के अनुसार 24 अगस्त को सुबह 11 से 11:30 बजे के बीच बिलिंग काउंटर पर कार्यरत एग्जीक्यूटिव शिवांगी ने कैश काउंटर से 9,800 अमेरिकी डॉलर और 50,000 रुपये चोरी कर लिए। सीसीटीवी फुटेज में वह नकदी लेकर बिना बताए अस्पताल से फरार होती दिखी। इस पर थाना सेक्टर-53 में केस दर्ज किया गया। क्राइम यूनिट सेक्टर-43 की टीम ने 6 सितंबर को आरोपी शिवांगी निवासी मसीहगढ़, सुखदेव विहार, दिल्ली, हाल किराएदार सेक्टर-52, वजीराबाद, गुरुग्राम और उसके साथी उमेश निवासी अलावलपुर, पलवल को सेक्टर-43 से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पता चला कि शिवांगी पिछले एक साल से अस्पताल में एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी। घर में रुपयों की तंगी के चलते उसने उमेश के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया गया, जहां शिवांगी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया और उमेश को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। शेष रकम की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story