गुरुग्राम-सोहना एलिवेटेड रोड पर चलती होंडा सिटी में लगी आग, चालक कूदा

WhatsApp Channel Join Now

गुरुग्राम, 01 अक्टूबर (हि.स.)। सोहना एलिवेटेड रोड पर भोंडसी के पास बुधवार को चलती होंडा सिटी कार में अचानक आग लग गई। बोनट से धुआं उठता देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार सडक़ किनारे रोकी और बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। देखते ही देखते कार आग की लपटों में घिर गई।

जानकारी के अनुसार चालक सोहना से गुरुग्राम की ओर जा रहा था। टोल प्लाजा पार कर फ्लाईओवर पर पहुंचते ही उसे बोनट से धुआं उठता दिखा। कार रोककर बाहर निकलते ही आग ने पूरी कार को चपेट में ले लिया। सूचना पर सोहना दमकल केंद्र से एक गाड़ी मौके पर पहुंची और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल अधिकारी देवेंद्र के अनुसार आग का कारण स्पष्ट नहीं है, प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट या इंजन ओवरहीट होने की आशंका है। हादसे के बाद एलिवेटेड रोड पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और एनएचएआई टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारू कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story