गुरुग्राम: हिट एंड रन में घायल बाइक सवार की नौ दिन बाद मौत

WhatsApp Channel Join Now

-पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ दर्ज की एफआईआर

गुरुग्राम, 31 मई (हि.स.)। खंड फर्रुखनगर क्षेत्र में 21 मई को हिट एंड रन हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए बाइक सवार की इलाज के दौरान घटना के नौ दिन बाद मौत हो गई। जांच अधिकारी उप-निरीक्षक (एसआई) अशोक ने रविवार को बताया कि मृतक के भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार फर्रुखनगर क्षेत्र स्थित गढी नत्थे खां निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को एक शिकायत दी। जिसमें कहा कि उनका छोटा भाई मुकेश सुल्तानपुर रोड पर बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता था। 21 मई की रात करीब सवा नौ बजे सूचना मिली कि खेड़ा खुर्रुमपुर रोड पर एसएस सप्लाई वेयर हाउस के पास किसी वाहन ने मुकेश की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल मुकेश को पहले आरवी अस्पताल हयातपुर और फिर पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान 30 मई को मुकेश की मौत हो गई। अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने घटनास्थल के आसपास पूछताछ कर पता लगाया कि एक वाहन चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर बाइक में टक्कर मारकर फरार हो गया था। 30 मई को पीजीआई रोहतक में मुकेश की मौत की सूचना पर पुलिस ने अनिल कुमार की शिकायत पर थाना फर्रुखनगर में एफआईआर दर्ज की। मामले की जांच कर रहे उप-निरीक्षक (एसआई) अशोक ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन और चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story