अमेरिका में काबू किए गए गैंगस्टर हिमांशु भाऊ का गुरुग्राम में दो बड़े अपराधों में हाथ

WhatsApp Channel Join Now

-यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग व बिग बॉय टॉयज शोरूम पर फायरिंग का आरोप

-एसटीएफ हरियाणा जल्द ही उसे भारत लेकर आएगी

गुरुग्राम, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिकी एजेंसियों ने गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा एसटीएफ, एनआईए और अन्य एजेंसियों द्वारा साझा की गई जानकारी के बाद हुई इस कार्रवाई में उसके साथी नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़ा गया है। गुरुग्राम पुलिस को उम्मीद है कि इसके भारत आते ही कई बड़े मामलों के राज खुलेंगे।

गुरुग्राम में हिमांशु भाऊ का नाम दो बड़ी वारदातों में सामने आया था।

पहली वारदात यूट्यूबर एल्विश यादव के घर पर फायरिंग की थी। एल्विश यादव के सेक्टर-57 स्थित घर पर तीन शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। वारदात से पहले एल्विश को करोड़ों की रंगदारी के लिए फोन पर धमकी भी दी गई थी। बाद में सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर इस वारदात की जिम्मेदारी ली गई थी, जिसमें हिमांशु भाऊ का नाम लिखा था। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

दूसरी वारदात बिग बॉय टॉयज कार शोरूम पर फायरिंग की थी। करीब पांच महीने पहले हीरो होंडा चौक के पास बिग बॉय टॉयज कार शोरूम पर भी कई राउंड फायरिंग हुई थी। इसकी जिम्मेदारी भी हिमांशु भाऊ गैंग ने ली थी। गुरुग्राम समेत दिल्ली-एनसीआर में हिमांशु के खिलाफ दर्जनों केस दर्ज हैं।

हरियाणा में बढ़ते गैंगवार और रंगदारी के मामलों को देखते हुए हरियाणा एसटीएफ ने अगस्त 2026 में हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित पर 10-10 लाख रुपये का इनाम घोषित करने की सिफारिश की थी। हरियाणा एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक वसीम अकरम ने बताया कि डिपोर्टेशन की प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। हिमांशु को हरियाणा एसटीएफ ही भारत लाएगी। उसके बाद उससे पूछताछ होगी, जिससे विदेश में बैठे दूसरे गैंगस्टरों के नेटवर्क का भी खुलासा होने की उम्मीद है। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से प्रदेश में रंगदारी और फायरिंग की वारदातों में कमी आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766080 Articles

Share this story