गुरुग्राम: बरसात में भीगते हुए जल निकासी का निरीक्षण करते रहे अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: बरसात में भीगते हुए जल निकासी का निरीक्षण करते रहे अधिकारी


मुख्यमंत्री के निर्देशों की पालना में बारिश के दौरान सड़कों पर उतरे अधिकारी

गुरुग्राम, 24 अगस्त (हि.स.)। सोमवार को हुई बारिश में भीगते हुए अधिकारी फील्ड में सक्रिय रहे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार निगमायुक्त प्रदीप दहिया एवं अतिरिक्त निगमायुक्त यश जालुका ने जीएमडीए, एनएचएआई और एमसीजी के अधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न जलभराव संभावित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया।

अधिकारियों की टीम ने झाड़सा चौक, राजीव चौक, मेदांता अंडरपास, ताऊ देवीलाल स्टेडियम, सोहना रोड और एरिया मॉल सहित विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रमुख सड़कों, अंडरपास, अन्य संवेदनशील स्थानों पर जलनिकासी व्यवस्था को लेकर जीएमडीए, एनएचएआई एवं एमसीजी के अधिकारियों के बीच समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर बारिश के कारण पानी जमा हो रहा है, वहां तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था की जाए। उन्होंने जलभराव संभावित स्थानों पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकतानुसार पंप एवं अन्य संसाधनों का उपयोग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के दौरान केवल कार्यालय स्तर पर समीक्षा के बजाय ग्राउंड पर मौजूद रहकर वास्तविक स्थिति की निगरानी की जाए, ताकि नागरिकों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि बारिश के दौरान नागरिकों की सुविधा, सुगम यातायात और त्वरित जलनिकासी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव की किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करें और स्थिति सामान्य होने तक मौके पर निगरानी बनाए रखें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story