गुरुग्राम: नशे के खिलाफ लड़ाई में सभी वर्ग साथ आएं: आरती सिंह राव

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: नशे के खिलाफ लड़ाई में सभी वर्ग साथ आएं: आरती सिंह राव


-बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करने की अपील

-दवा विक्रेताओं से नशे के खिलाफ अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील

गुरुग्राम, 15 नंबवर (हि.स.)। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि दवा विक्रेताओं का कार्य केवल व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाजसेवा और जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण दायित्व है। जब कोई दवा विक्रेता किसी जरूरतमंद को सही दवा उपलब्ध करवाता है, तो वह किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के साथ एक परिवार की खुशियां सुरक्षित रखने में भी योगदान देता है। इसलिए दवा विक्रेताओं को अपनी व्यावसायिक जिम्मेदारी के साथ सामाजिक दायित्वों का भी पूरी ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

यह बात उन्होंने रविवार को गुरुग्राम में आयोजित राज्य स्तरीय औषधि सुरक्षा एवं नशामुक्ति जागरुकता कार्यक्रम में कही। सुरक्षित दवाएं, नशामुक्त समाज थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन गुरुग्राम केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन तथा हरियाणा ड्रग डीलर्स एसोसिएशन की ओर से किया गया। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र एवं हरियाणा सरकार देश और प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। देश की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं, लेकिन नशे की लत युवाओं के भविष्य को प्रभावित करने के साथ पूरे परिवार को तोड़ देती है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस और सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को इसमें अपनी भागीदारी निभानी होगी। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने दवा विक्रेताओं से अपील की कि बिना वैध चिकित्सकीय प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री न करें और दवाओं की खरीद-बिक्री में निर्धारित नियमों का पूरी सख्ती से पालन करें।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नकली दवाओं के कारोबार तथा दवा क्षेत्र में भ्रष्ट गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने दवा विक्रेताओं से तीन महत्वपूर्ण संकल्प लेने का आह्वान किया। पहला-कोई भी दवा विक्रेेता नियमों के विरुद्ध दवाओं की बिक्री नहीं करेगा। दूसरा-अपने प्रतिष्ठान पर उपलब्ध जागरूकता सामग्री और पोस्टर के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों तथा सुरक्षित दवाओं के उपयोग के प्रति जागरूक करेगा। तीसरा नशामुक्ति का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में सहयोग देगा। कार्यक्रम में खाद्य एवं औषधि प्रशासन हरियाणा के आयुक्त डॉ. मनोज यादव, स्टेट ड्रग्स कंट्रोलर रिपन मेहता, एएसडीसी राकेश दहिया एवं करण सिंह गोदारा, हरियाणा स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार मनीष मित्तल, गुरुग्राम के सिविल सर्जन डॉ. वीरेंद्र बसवाना सहित एफडीए के सभी एसडीसीओ एवं डीसीओ मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777571 Articles

Share this story