गुरुग्राम: हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज एक महत्वपूर्ण पहल: राव नरबीर सिंह

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज एक महत्वपूर्ण पहल: राव नरबीर सिंह


-गुरुग्राम में हुआ हरियाणा-यूके सीईटीए ट्रेड ब्रिज-अनलॉकिंग ग्लोबल अपॉच्र्युनिटीज फॉर हरियाणा कार्यक्रम

गुरुग्राम, 14 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि हरियाणा और यूनाइटेड किंगडम के बीच व्यापार, निवेश, शिक्षा और आपसी सहयोग को मजबूत करने की दिशा में हरियाणा-यूके ट्रेड ब्रिज एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते से हरियाणा के कारोबारियों, निवेशकों, शिक्षण संस्थानों, स्टार्टअप, किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर खुलेंगे तथा व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।

मंत्री राव नरबीर सिंह सोमवार को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में हरियाणा-यूके सीईटीए ट्रेड ब्रिज-अनलॉकिंग ग्लोबल अपॉच्र्युनिटीज फॉर हरियाणा कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान ब्रिटिश उप-उच्चायुक्त (चंडीगढ़) अल्बा स्मेरिग्लियो समेत अनेक लोग मौजूद रहे। राव नरबीर सिंह ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल व्यापार बढ़ाना नहीं, बल्कि निवेश को प्रोत्साहित करना, प्रौद्योगिकी साझेदारी विकसित करना, रोजगार के नए अवसर पैदा करना और हरियाणा के कारोबारियों को वैश्विक बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा आज केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि उद्यमी, नवाचारी और रोजगार सृजक बनने की क्षमता रखता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार चाहती है कि प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम और स्टार्टअप अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाएं तथा यूके की कंपनियां हरियाणा में निवेश कर यहां की प्रतिभा के साथ मिलकर नए समाधान विकसित करें। यूके के उद्योग जगत और निवेशकों का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा-कम टू हरियाणा, इन्वेस्ट इन हरियाणा, पार्टनर विद हरियाणा। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों का साझा प्रयास ऐसा मजबूत सेतु तैयार करेगा, जो केवल हरियाणा और यूके को ही नहीं, बल्कि विचारों, निवेश, नवाचार और अवसरों को भी आपस में जोड़ेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story