गुरुग्राम: हरियाणा दिवस पर समारोह में ऐतिहासिक विरासत की दिखी झलक

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: हरियाणा दिवस पर समारोह में ऐतिहासिक विरासत की दिखी झलक


गुरुग्राम, 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के छह दशकों की विकास यात्रा, ऐतिहासिक उपलब्धियों और समृद्ध लोक परंपराओं को उत्सव के रूप में मनाने के लिए रविवार को जिला प्रशासन गुरुग्राम की ओर से सिविल लाइंस स्थित स्वतंत्रता सेनानी जिला परिषद सभागार (जॉन हॉल) में हीरक जयंती समारोह का आयोजित किया गया। समारोह में गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला तथा डीआईपीआरओ बिजेंद्र कुमार ने उनका स्वागत किया।

मुख्य अतिथि मेयर राजरानी मल्होत्रा ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस एवं हीरक जयंती की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने बीते 60 वर्षों में विकास के हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। कृषि, उद्योग, शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में प्रदेश ने अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। हरियाणा की असली ताकत यहां के मेहनतकश किसान, जवान, खिलाड़ी और कर्मठ नागरिक हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से प्रदेश को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है। मेयर ने कहा कि हरियाणा की मिट्टी में रची-बसी लोक संस्कृति, परंपराएं और सामाजिक मूल्य हमारी अमूल्य धरोहर हैं। समारोह में कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह का लाइव प्रसारण भी किया गया।

हरियाणवीं कलाकार मोंटी शर्मा के ग्रुप द्वारा रागनी, लोकगीतों तथा देव समाज स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा पारंपरिक हरियाणवी लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू कराया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने सभागार में हरियाणवी रंग और उत्सव का माहौल बना दिया। आयोजन स्थल पर हरियाणा के नक्शे और हीरक जयंती की थीम पर आधारित आकर्षक रंगोली भी बनाई गई, जो समारोह का विशेष आकर्षण रही। कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता तिलकराज मल्होत्रा, एडीआईओ नवीन अहलावत, शिक्षा विभाग से एईओ जगदीश अहलावत, स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी समिति के अध्यक्ष कपूर सिंह दलाल, सूबेदार बिजेंद्र सिंह ठाकरान, प्राचार्य संगीता सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

सिनेमैटिक हरियाणा एवं मिशन हरियाणा की ओर से हरियाणवी सिनेमा के गौरवशाली इतिहास और उसके विकास के सफर पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में हरियाणवी फिल्मों के शुरुआती दौर से लेकर वर्तमान तक के सफर, उनके विकास और फिल्म जगत से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को तस्वीरों एवं अन्य माध्यमों के जरिए आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर सिनेमैटिक हरियाणा के संस्थापक पुनीत शर्मा ने हरियाणवी सिनेमा पर विस्तार से प्रकाश डाला।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770550 Articles

Share this story