गुरुग्राम: 2047 तक विकसित हरियाणा की मजबूत बुनियाद होगा हरियाणा का बजट : सुधा यादव

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: 2047 तक विकसित हरियाणा की मजबूत बुनियाद होगा हरियाणा का बजट : सुधा यादव


मुख्यमंत्री ने नायाब बजट पेश कर विकास की नींव को और मजबूत किया

गुरुग्राम, 03 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की संसदीय बोर्ड सदस्या एवं पूर्व सांसद सुधा यादव ने कहा है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने राज्य को वर्ष 2047 तक एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। वह हम सभी हरियाणा वासियों के लिए अत्यंत गौरव का विषय हैं। हरियाणा विजन डॉक्यूमेंट-2047 इस दिशा में रोडमैप के रूप में कार्य करेगा, जिसका लोकार्पण देश के केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा किया जा चुका है। भाजपा कार्यालय में मंगलवार को पत्रकार वार्ता में सुधा यादव ने कहा कि इस बजट में 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार, 2026-31 के लिए केंद्रीय करों में हरियाणा की हिस्सेदारी 1.361 प्रतिशत तय हुई है, जो अब तक की सर्वाधिक वृद्धि है। इससे राज्य के राजस्व में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री मंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा कुल 2,23,658.17 करोड़ रुपए का बजट प्रस्तावित किया गया है जो पिछले संशोधित अनुमान से 10.28त्न अधिक है। सुधा यादव ने इसे जनभागीदारी से बना बजट बताते हुए कहा कि इस बजट में जनता जनार्दन के हजारों सुझावों को शामिल किया गया है।

सुधा यादव ने कहा कि सम्पूर्ण हरियाणा के एक समान समग्र विकास में यह बजट मजबूत आधारशिला साबित होगा। इस बजट में 2047 तक हरियाणा प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए युवा, किसान, गरीब, मजदूर, व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ एवं औद्योगिक क्रांति को विशेष महत्व दिया गया हैं। गुरुग्राम में प्रस्तावित 400 बेड के सरकारी अस्पताल का कार्य जल्द शुरू होगा। दौलताबाद और वजीराबाद पीएचसी को अपग्रेड कर सीएचसी बनाया जाएगा। गुरुग्राम में पढ़ाई कर रहे छात्रों के लिए 50 करोड़ की लागत से नए छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। सुधा यादव ने कहा कि महिलाओं और युवाओं के लिए खास प्रावधान किया गया हैं। हरियाणा बजट को जेंडर और वृद्धजन आधारित बनाने की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने 14-15 वर्ष की 3 लाख बेटियों को एचपीवी वैक्सीन देने का प्रस्ताव रखा। इसके तहत प्रत्येक जिला व उपमंडल अस्पताल में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लीनिक बनाए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story