गुरुग्राम: सीसीटीवी कैमरे, उडऩदस्ते व प्रशासनिक देखरेख में शांतिपूर्ण हुई 12वीं की परीक्षा
-मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये सुचारू एवं नकल रहित परीक्षा कराने के दिए निर्देश
-डीसी अजय कुमार ने परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व प्रबंधन का किया निरीक्षण
गुरुग्राम, 25 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा के दौरान उपायुक्त (डीसी) अजय कुमार ने बुधवार को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा, अनुशासन और प्रबंधन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। दोपहर 12:30 बजे से 03:30 बजे तक निर्धारित समयावधि में परीक्षा सख्त निगरानी और पुख्ता प्रबंधों के बीच शांतिपूर्वक एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।
डीसी अजय कुमार सबसे पहले एसडी बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। वहां चीफ सेंटर सुपरिंटेंडेंट गीतिका आहूजा से परीक्षा प्रक्रिया, प्रश्नपत्र वितरण और विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने एसडी बॉयस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सुपरिंटेंडेंट राजीव बंसल से व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके पश्चात उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कादीपुर का दौरा कर परीक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सुपरिंटेंडेंट घनश्याम तथा चीफ सेंटर सुपरिंटेंडेंट राकेश से परीक्षा संचालन, व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतज़ामों और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं संबंधी विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई। इसके बाद डीसी ने पीएमश्री गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल सेक्टर 4/7 में भी निरीक्षण किया, जहां सुपरिंटेंडेंट कैलाश कुमार, प्राचार्य प्रदीप सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। केंद्रों पर कक्ष निरीक्षण नियमित रूप से किया गया। सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई। प्रश्नपत्रों का सुरक्षित वितरण सुनिश्चित किया गया। साथ ही डीसी अजय कुमार ने सेक्टर 4/7 स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का भी जायजा लिया गया। संबंधित अधिकारी कृष्ण प्रताप से व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

